नीट यूजी पेपर लीक केस: सात मई को मिली थी अनियमितताओं की सूचना, लौटाई जाएगी 23 लाख छात्रों की फीस

नई दिल्ली, 12 मई । नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को नीट यूजी परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं की पहली सूचना 7 मई को मिली थी। एनटीए के मुताबिक, उसने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए जीपीएस निगरानी व वॉटरमार्क का इंतजाम किया था। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि, एनटीए के इंतजामों के बावजूद नीट यूजी परीक्षा के प्रश्न लीक हुए। इसके बाद एनटीए ने जहां एक ओर नीट यूजी परीक्षा रद्द कर दी है, वहीं अब एनटीए छात्रों को पुरानी फीस लौटाएगी। यही नहीं बल्कि दोबारा ली जाने वाली परीक्षा के लिए भी कोई फीस भी नहीं लेगा।

बता दें कि नीट यूजी परीक्षा में करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। दरअसल, नीट (यूजी) 2026 की 3 मई को हुई परीक्षा रद्द कर दी गई है और दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। दोबारा परीक्षा की नई तारीखें जल्द आधिकारिक रूप से घोषित की जाएंगी। छात्रों को अलग से सूचना दी जाएगी। एनटीए के अनुसार, दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नया प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। इसकी पूरी समय-सारणी भी एनटीए द्वारा साझा की जाएगी। छात्रों को फिर से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

पहले से किया गया पंजीकरण मान्य रहेगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मुताबिक, मई 2026 परीक्षा चक्र में भरी गई सभी जानकारी, अर्हता, और चुने गए परीक्षा केंद्र स्वतः आगे मान्य रहेंगे। दोबारा ली जाने वाली परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। एनटीए के अनुसार, छात्रों द्वारा पहले जमा की गई परीक्षा फीस भी उन्हें वापस की जाएगी। परीक्षा दोबारा कराने का पूरा खर्च नेशनल टेस्टिंग एजेंसी अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगी।

गौरतलब है कि इस मामले की व्यापक जांच सीबीआई को सौंपी गई है, जिससे छात्रों को निष्पक्ष जांच का भरोसा मिलेगा। एनटीए ने कहा कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देगी और सभी रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी। छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है, ताकि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचा जा सके।

वहीं, छात्रों की शंकाओं व किसी भी सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन और ईमेल सुविधा जारी रखी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने माना है कि दोबारा परीक्षा से छात्रों और परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन यह फैसला परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखने के लिए लिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने बताया कि 7 मई की देर शाम, परीक्षा के चार दिन बाद, उसे परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं के संबंध में कुछ सूचनाएं प्राप्त हुईं। इन सूचनाओं को 8 मई की सुबह स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया।

एनटीए ने जांच एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि वह पूरी तरह सहयोगी भूमिका में काम कर रही है। परीक्षा से जुड़ा सभी तकनीकी डाटा और आवश्यक सहायता संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराई जा रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement