जेवर में 1200 करोड़ से बनेगा सीएनएच का आधुनिक ट्रैक्टर प्लांट, 1200 लोगों को मिलेगा रोजगार
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को गौतमबुद्धनगर के जेवर में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई।
गौतमबुद्धनगर, 12 नवंबर । उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में गुरुवार को गौतमबुद्धनगर के जेवर में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में आयोजित सीएनएच ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होकर आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश से 100 एकड़ भूमि पर इस अत्याधुनिक प्लांट की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना से लगभग 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर आज भारत के 'गहने' के रूप में निवेश के सर्वश्रेष्ठ गंतव्य के तौर पर उभर चुका है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही औद्योगिक परियोजनाओं के कारण यह पूरा इलाका आने वाले समय में बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास की नई संभावनाएं तैयार हुई हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को निवेश बढ़ने का प्रमुख कारण बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी की एक अलग पहचान बनाई है। बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर जैसे उत्पादों का निर्माण होगा तो देश-विदेश में इनकी मांग भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले साढ़े नौ वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या पहले 14 हजार थी, जो अब बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है। वहीं, स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। डीरेग्युलेशन के मामले में भी प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर और यीडा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाएं तेजी से आकार ले रही हैं। इनमें एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में भी उत्तर प्रदेश नवाचार और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स उपलब्ध हो सके। सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट प्रदेश में कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर विनिर्माण क्षेत्र को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से न केवल औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कंपनी को आश्वस्त किया कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व और स्पष्ट नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मजबूत कानून-व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल ने प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को आकर्षित किया है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं से युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के लिए रोजगार एवं कारोबार की नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं। कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि यह औद्योगिक इकाई उद्योग, व्यवसाय और किसानों की बेहतरी की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्लांट से जल्द ही ट्रैक्टरों का उत्पादन शुरू होगा, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस परियोजना के लिए सीएनएच इंडस्ट्रियल को यीडा क्षेत्र में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस इकाई से 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा परिवहन, सप्लाई चेन, स्थानीय कारोबार और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे। कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद, सीएनएच बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की चेयरपर्सन लेडी सुजेन हेवुड, सीएनएच के सीईओ गैरेट मार्क्स, प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह और कंपनी के निदेशक रवि कुंद्रा सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।
Source: IANS