सीबीएसई 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी, 93.70 प्रतिशत छात्रों ने मारी बाजी

नई दिल्ली, 15 अप्रैल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं की परीक्षा का परिणाम बुधवार शाम 4 बजे जारी कर दिया है। ऐसे में जो छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और रिजल्ट जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वे अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर अपने परिणाम चेक कर सकते हैं।  

सीबीएससी ने परिणाम आधिकारिक वेबसाइटों के साथ-साथ डिजिलॉकर ऐप और उमंग ऐप पर भी जारी कर दिए हैं। इसके माध्यम से भी छात्र अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। 

इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.70 प्रतिशत है, जो कि पिछले वर्ष की उत्तीर्ण प्रतिशत से बेहतर है। 2025 की परीक्षा का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.66 प्रतिशत था।

सीबीएसई की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 24,71,777 छात्रों ने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया था, जिसमें से 25,08,319 छात्रों ने परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज की थी। इनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। सीबीएसई ने कुल 83 विषयों के लिए विभिन्न 8,075 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की थी।

सीबीएसई 10वीं बोर्ड परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या डिजिलॉकर ऐप और उमंग ऐप पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद सीबीएसई 10वीं परिणाम 2026 रिजल्ट के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें। 

इसके बाद रोल नंबर, स्कूल नंबर, डेट ऑफ बर्थ, और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज करें और सबमिट कर दें। फिर परिणाम आपकी स्क्रीन पर खुल जाएगा। रिजल्ट को चेक करने के बाद डाउनलोड कर लें। वहीं, भविष्य के संदर्भ के लिए परिणाम का प्रिंट आउट निकालकर रख लें।

बता दें कि सीबीएसई की ओर से 10वीं बोर्ड की परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 11 मार्च तक कुल 83 विषयों के लिए विभिन्न 8,075 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter