चेन्नई में गणेश विसर्जन को लेकर खास इंतजाम, 16,500 पुलिसकर्मी किए गए

चेन्नई, 20 सितंबर । तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में गणेश विसर्जन के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। रविवार को शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और इसके बाद भगवान गणेश की सैकड़ों बड़ी मूर्तियों को समुद्र में विसर्जित किया जाएगा।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी मनाई गई। पुलिस की अनुमति के बाद अलग-अलग हिस्सों में सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 37,000 गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इनमें से 1,562 मूर्तियां चेन्नई में स्थापित की गई और उनकी पूजा की गई।

हालांकि कुछ मूर्तियों का विसर्जन पहले ही किया जा चुका है, लेकिन अधिकतर बड़ी मूर्तियों को रविवार को शोभायात्रा के साथ तय विसर्जन स्थलों पर ले जाया जाएगा।

ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने शोभायात्रा और विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 16,500 पुलिसकर्मी और 2,000 होम गार्ड तैनात किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जो लोग प्रतिबंधों का उल्लंघन करेंगे या सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालेंगे, उनके खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी।

विसर्जन के लिए चार जगहों को चुना गया है। इनमें पट्टिनापक्कम में श्रीनिवासा पुरम, नीलांकरई में यूनिवर्सिटी नगर, कासिमेडु फिशिंग हार्बर और तिरुवोट्टियुर में पॉपुलर वेइंग प्लेटफॉर्म के पास का क्षेत्र शामिल है। इन जगहों पर ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ मिलकर खास इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस ने कहा कि मूर्तियों को सिर्फ तय रास्तों से ही ले जाया जाना चाहिए और अधिकारियों की ओर से निर्धारित जगहों पर ही विसर्जित किया जाना चाहिए।

अधिकारियों ने सभी विसर्जन स्थलों पर अस्थायी कंट्रोल रूम और सहायता केंद्र भी बनाए हैं। विसर्जन की प्रक्रिया के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं, और बड़ी मूर्तियों को समुद्र में ले जाने के लिए नावों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए दमकल गाड़ियां, एम्बुलेंस, मोटरबोट और तैराकी में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को तैयार रखा गया है। प्रमुख स्थानों पर निगरानी टावर स्थापित किए गए हैं। पुलिसकर्मी दूरबीन और ड्रोन का उपयोग करके शोभायात्राओं और विसर्जन स्थलों की निगरानी करेंगे। अपराधिक गतिविधियों को रोकने और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए घुड़सवार पुलिस दल भी गश्त करेंगे। शोभायात्रा के समय यातायात में भी बदलाव किए जाएंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter