नोएडा: न्यूनतम पारा 32 डिग्री के पार, नहीं दिख रहे राहत के आसार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्म हवाओं और उमस से राहत नहीं मिल रही है।

नोएडा, 21 मई । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्म हवाओं और उमस से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अगले छह दिनों तक एनसीआर में हीट वेव का प्रकोप जारी रहने वाला है।
अधिकतम तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। रात में तापमान कम न होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 21 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि रात को “वार्म नाइट” की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है।
22 मई को भी तापमान में कोई खास राहत नहीं मिलेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ लू चलने की चेतावनी जारी की है।
23 मई को पारा 45 डिग्री के आसपास बना रहेगा और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। 24 मई को भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर और शाम के दौरान तेज सतही हवाएं चलेंगी और हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। वहीं 25 और 26 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पतालों को अतिरिक्त बेड तैयार रखने, हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए अलग वार्ड और विशेष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले कई दिनों तक एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। दिन के साथ-साथ रात में भी बढ़ती गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
Source: IANS
