भाजपा में शामिल होने के बाद स्वाति मालीवाल ने खोला राज, बताई आप छोड़ने की वजह

नई दिल्ली, 25 अप्रैल । आम आदमी पार्टी को छोड़ने वाले राज्यसभा के सात सांसदों में स्वाति मालीवाल का नाम भी शामिल है। अब स्वाति मालीवाल ने आप छोड़ने के पीछे कई कारण गिनाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और झूठ की वजह से ‘आप’ को छोड़ना पड़ा।

स्वाति मालीवाल ने नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा में जाने के अपने इरादे और आप को छोड़ने के पीछे की कहानी बताई। उन्होंने कहा कि मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हूं। मैं 2006 से अरविंद केजरीवाल के साथ काम कर रही हूं। मैंने अपना घर छोड़ा, अपनी नौकरी छोड़ दी और सात साल तक झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में रही। पार्टी के हर आंदोलन में उनका साथ दिया, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने साथियों से अपने ही घर पर मुझे बेरहमी से पिटवाया। जब मैंने एफआईआर दर्ज करवाने की कोशिश की, तो मुझे धमकाया गया और डराया गया। पिछले दो साल में भी हरसंभव प्रयास किया गया और दबाव बनाया गया कि मैं एफआईआर वापस ले लूं। संसद में मुझे बोलने के लिए एक मिनट भी नहीं दिया गया।

स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल को महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि वे देश में झूठ, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे पंजाब की सरकार को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं और पंजाब को इन्होंने अपना निजी एटीएम बना दिया है। रेत खनन और नशीली दवाओं का उपयोग पंजाब में चरम पर है। सब कुछ इनकी शह के नीचे हो रहा है। मासूम लोगों के खून-पसीने की कमाई को इन्होंने अपने निजी शौक को पूरा करने के लिए इस्तेमाल किया।

पंजाब का जिक्र करते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि पंजाब में हालात बहुत खराब हैं। अगर आप आज पंजाब जाकर किसी से भी बात करें, तो पता चलेगा कि लोग अरविंद केजरीवाल से दिल से नफरत करते हैं। इसकी वजह यह है कि उन्होंने 'पंजाबियत' को चुनौती दी है। उन्होंने दिल्ली के सभी 'नकारे हुए' विधायकों को पंजाब के लोगों के ऊपर बैठा दिया है। क्या उन्हें किसी भी कमीशन में नियुक्त करने के लिए कोई पंजाबी नहीं मिला।

उन्होंने विभव कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि जिस शख्स ने मुझे मारा और मेरे साथ इतनी बदतमीजी की, उसे पूरी दुनिया जानती है। अरविंद केजरीवाल ने उस आदमी को पंजाब में जेड प्लस सुरक्षा दी है। अरविंद केजरीवाल ने उस आदमी को भगवंत मान का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया है। अभी भगवंत मान के साथ विभव कुमार नीदरलैंड गए। वहां एक लाख रुपए वाले कमरे में ठहराया गया। पंजाब के लोगों का पैसा, यह लोग अपने शौक के लिए खर्च कर रहे हैं, पंजाब की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

पीएम मोदी की लीडशिप की तारीफ करते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैं मानती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ देश में, बल्कि विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, चाहे वह ऑपरेशन सिंदूर हो, देश से नक्सलवाद का खात्मा हो या महिला आरक्षण बिल संसद में लाना हो।,मैं पीएम मोदी के काम से प्रभावित हूं और किसी मजबूरी में भाजपा में शामिल नहीं हो सकी, लेकिन अब मैं भाजपा में शामिल हो रही हूं क्योंकि मैं दिल से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास करती हूं और उनके नेतृत्व में काम करना चाहती हूं।

मिडिल ईस्ट में युद्ध के बीच पूरी दुनिया में उथल-पुथल देखने को मिली। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत में सब कुछ सामान्य रहा। यह पीएम मोदी की लीडरशिप की वजह से मुमकिन हो पाया है।

भाजपा में शामिल होने पर स्वाति ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और झूठ बोलने की आदत की वजह से आम आदमी पार्टी छोड़ी। केजरीवाल ने पार्टी पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। मेरे साथ यह घटना दो साल पहले हुई थी, उस वक्त भी मैं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मैंने सोचा कि मैं अपनी पार्टी में ही रहूंगी और इसे सुधारने की कोशिश करूंगी लेकिन जबआपकी बात सुनने वाला कोई होगा ही नहीं तो आप एक साथ आगे कैसे बढ़ सकते हैं।

स्वाति मालीवाल ने कहा कि मुझे खुद यह समझ नहीं आता, कई बार मैं इस बारे में सोचती हूं, क्या यह वही इंसान है। सात साल तक मैं झुग्गियों में रही। यह एक पूरा आंदोलन था और उस आंदोलन के लिए मैंने भी सब कुछ कुर्बान कर दिया। और आज हम उस इंसान को देखते हैं, जो कभी फटी पैंट पहनकर, दो रुपए वाले रेनॉल्ड्स पेन और छोटी कार में घूमा करता था। आज, उसका मुख्य ध्यान इस बात पर है कि मुझे सबसे पहले एक बड़ा घर मिले, मेरे घर के बाहर एक हेलीपैड हो, 100 करोड़ रुपए का घर बने, उसके अंदर एक बार हो और वह अजीबोगरीब, आलीशान चीजों से भरा हो। आप हमारा घर भी देख सकते हैं, यह सरकार द्वारा दिया गया एक साधारण सा घर है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने खुद को ऐसी ऐशो-आराम की चीजों में डुबो लिया है।

जो भी अच्छा इंसान है वह केजरीवाल के भ्रष्टाचार और झूठ के कारण पार्टी छोड़ रहा है। ऐसे हजारों लाखों कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने केजरीवाल के चलते पार्टी को छोड़ा है। केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना सिखाया था, लेकिन वह खुद ही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए हैं।

स्वाति मालीवाल ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी बहुत जल्द टूटकर बिखर जाएगी, क्योंकि केजरीवाल के रवैये से सभी परेशान हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement