राष्ट्रपति मुर्मु के स्वागत में राजभवन में भव्य आयोजन, पांच दिन के शिमला दौरे पर कई कार्यक्रम

शिमला, 28 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हिमाचल प्रदेश प्रवास के तहत मंगलवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल लोक भवन में उनके सम्मान में स्वागत भोज का आयोजन करेंगे। यह कार्यक्रम राष्ट्रपति के पांच दिवसीय ग्रीष्मकालीन दौरे का हिस्सा है।

अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु 27 अप्रैल से 1 मई तक शिमला प्रवास पर हैं। इस दौरान वह शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा करेंगी और पालमपुर में चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति सोमवार को शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास पहुंचीं, जहां वह अपने प्रवास के दौरान ठहरी हुई हैं।

कार्यक्रम के अनुसार, 29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल का दौरा करेंगी। वहीं 30 अप्रैल को पालमपुर में कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ स्वागत समारोह आयोजित करेंगी।

1 मई को राष्ट्रपति शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा करने के बाद दिल्ली रवाना होंगी।

मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास को अप्रैल 2023 में आम जनता के लिए खोला गया था। यहां पर्यटकों के लिए मुफ्त बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। यह सेवा शिमला के मॉल रोड स्थित लिफ्ट पार्किंग से शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होती है।

करीब 174 वर्ष पुराना राष्ट्रपति निवास यूरोपीय स्थापत्य शैली में वर्ष 1850 में कोटी रियासत के राजा द्वारा बनवाया गया था। पहले इसे ‘रिट्रीट बिल्डिंग’ के नाम से जाना जाता था। यह देश के चार राष्ट्रपति आवासों में से एक है।

अन्य तीन राष्ट्रपति आवासों में देहरादून का राष्ट्रपति आशियाना, तेलंगाना का राष्ट्रपति निलयम और नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन शामिल हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement