दिल्ली जलभराव पर बोले अरविंद केजरीवाल, बसों और मेट्रो स्टेशनों तक में भर रहा पानी

नई दिल्ली, 29 जुलाई । राजधानी दिल्ली में लगातार हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार पर निशाना साधा। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से दावा किया कि दिल्ली की सड़कों, बसों और मेट्रो स्टेशनों तक में बारिश का पानी भर गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बारिश के दौरान जलभराव के वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को दिल्ली की सत्ता संभाले दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन राजधानी की हालत लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में कभी ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली थी। केजरीवाल ने कहा कि अब बसों, मेट्रो और मेट्रो स्टेशनों तक में पानी भर रहा है, जो राजधानी की बदहाल व्यवस्था को दर्शाता है।

उन्होंने सरकार पर दिल्ली की व्यवस्थाओं को पूरी तरह से चौपट करने का आरोप लगाया। वहीं, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा करते हुए सरकार पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि भारी जलभराव के कारण दिल्ली की सड़कें वेनिस जैसी दिखाई दे रही हैं और ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो राजधानी में क्रूज और वॉटर स्पोर्ट्स की विशेष सेवाएं शुरू कर दी गई हों।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना पहला वादा इसी रूप में पूरा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को अब केवल मिंटो ब्रिज जैसे जलभराव वाले स्थानों के नाम पर ही वोट मांगना चाहिए।

तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने भी सड़क पर भरे पानी में नाव चलाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में यात्रा करने के लिए केवल कार या बाइक नहीं, बल्कि नाव की भी जरूरत पड़ने लगी है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें तिलक नगर से धौला कुआं जाना था, लेकिन पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर भारी जलभराव के कारण आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष नालों की सफाई के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई नहीं होने के कारण राजधानी हर बारिश में जलभराव की समस्या से जूझ रही है।

जरनैल सिंह ने कहा कि बारिश के कारण दिल्ली में परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने सरकार पर राजधानी की व्यवस्थाओं को पूरी तरह विफल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के सभी 'इंजन' अब जवाब दे चुके हैं और दिल्ली को बेहतर प्रशासन की जरूरत है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement