अगले दो दिन एनसीआर में राहत की बारिश, 35-36 डिग्री तक रहेगा अधिकतम तापमान, येलो अलर्ट जारी
भीषण गर्मी और लू से परेशान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को एनसीआर में मौसम सुहावना बना रहेगा तथा कई स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

नोएडा, 30 मई । भीषण गर्मी और लू से परेशान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को एनसीआर में मौसम सुहावना बना रहेगा तथा कई स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान में "थंडरस्टॉर्म विद रेन" यानी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की वर्षा, बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं 31 मई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी प्रकार बना रहेगा।
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन भी दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। हालांकि जून की शुरुआत के साथ मौसम फिर से गर्म होने लगेगा। 1 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस दिन मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 2 जून को तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
वहीं 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से अगले दो दिनों तक एनसीआर में राहत का दौर जारी रहेगा।
बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि 1 जून के बाद मौसम के साफ होते ही तापमान में फिर से तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Source: IANS
