पंजाब : कई जिलों में येलो अलर्ट जारी, 40 से 60 किमी तेज हवाओं और तूफान की चेतावनी

चंडीगढ़, 31 मई । भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चंडीगढ़ केंद्र ने पंजाब के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत डेरा बस्सी, राजपुरा, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, बस्सी पठाना, चंडीगढ़, खरड़, खमानों, चमकौर साहिब, आनंदपुर साहिब और नंगल सहित क्षेत्रों में तेज हवाओं और तूफान की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में बिजली गिरने के साथ मध्यम तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की आंधी के साथ बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने का भी अनुमान है।

डेरा बस्सी, राजपुरा, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, बस्सी पठाना, चंडीगढ़, खरड़, खमानों, चमकौर साहिब, रूपनगर, बालाचौर, आनंदपुर साहिब और नंगल के कुछ हिस्सों में यह मौसम सिस्टम सक्रिय रहने वाला है। विभाग ने इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी प्रणाली के अनुसार, मौसम संबंधी अलर्ट चार रंगों में जारी किए जाते हैं। हरे रंग का मतलब है - कोई चेतावनी नहीं; पीले रंग का अर्थ है - सचेत रहें; नारंगी रंग का मतलब है - तैयार रहें; जबकि लाल रंग सबसे गंभीर होता है, जिसका अर्थ है - तुरंत कार्रवाई करें।

वर्तमान में जारी येलो अलर्ट लोगों को सचेत रहने का संदेश देता है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान बिजली गिरने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है, जिससे खेतों में खड़ी फसलों, बिजली के खंभों, पेड़ों और छतों को नुकसान पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस दौरान अनावश्यक घर से बाहर न निकलें। खासकर खुले मैदानों, ऊंची इमारतों, पेड़ों के नीचे और पानी भरे इलाकों से दूर रहें। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को भी सतर्क रखने की सलाह दी गई है।

चंडीगढ़ मौसम केंद्र लगातार निगरानी कर रहा है और आगे के अपडेट समय-समय पर जारी किए जाएंगे। लोगों से अनुरोध है कि वे आधिकारिक स्रोतों से ही मौसम की जानकारी लें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement