करबिगहिया पहुंचे जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर, कहा- पुलिस ने मांगा है दो दिन का समय, तब तक रखें भरोसा
पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया निवासी किराना दुकानदार बंटी कुमार के कथित अपहरण के विरोध में लोगों का प्रदर्शन लगातार जारी है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने करबिगहिया इलाके में आगजनी कर सड़क जाम कर दिया।

पटना, 8 जुलाई। पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया निवासी किराना दुकानदार बंटी कुमार के कथित अपहरण के विरोध में लोगों का प्रदर्शन लगातार जारी है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने करबिगहिया इलाके में आगजनी कर सड़क जाम कर दिया।
घटना के दौरान जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों और पीड़ित परिवार से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस को जांच का अवसर दिया जाना चाहिए।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "पुलिस ने दो दिन का समय मांगा है। मैंने परिवार के सदस्यों, उनके दोस्तों और विरोध में सड़क पर बैठे स्थानीय लोगों से इंतजार करने का अनुरोध किया है। कैमरों के सामने पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले को दो दिन के भीतर सुलझा लिया जाएगा तो उसके बाद आगे की बात की जाएगी।"
उन्होंने कहा, "लोग इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि परिवार के एक सदस्य का तीन दिन पहले अपहरण कर लिया गया था। जक्कनपुर पुलिस ने हमें बताया कि मामला दो दिनों के भीतर सुलझा लिया जाएगा। घटना जक्कनपुर इलाके की है, लेकिन गिरफ्तारी कोतवाली थाना क्षेत्र से हुई है। मैंने प्रदर्शनकारियों से यह भी आग्रह किया है कि वे सड़कें जाम न करें और सेवाओं में बाधा न डालें, अगर अगले दो दिनों में मामला नहीं सुलझता है, तो हम वापस आकर बात करेंगे।"
बांकीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा अपना उम्मीदवार घोषित किए जाने के बारे में पूछे जाने पर किशोर ने कहा, "यह लोकतंत्र है, हर पार्टी अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकती है और यह उनके चर्चा का विषय है।"
वहीं, पुलिस के अनुसार, बंटी कुमार सोमवार देर रात पटना जंक्शन के पास एक दुकान से दही खरीदने गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों ने पहले उनके साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इसके बाद आरोपित उन्हें जबरन एक काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद से बंटी कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Source: IANS

