पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह को ईडी का समन, कांग्रेस ने किया कटाक्ष

चंडीगढ़, 12 फरवरी। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने समन जारी किया है। फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) उल्लंघन मामले में उनके बेटे रणिंदर सिंह को भी नोटिस भेजा गया है। इसके बाद कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कैप्टन की तरफ से भाजपा में पोजीशन और पंजाब में पार्टी की समझ पर सवाल उठाए थे, जिसके कारण उन्हें समन जारी किया गया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को जालंधर ऑफिस में ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। यह मामला 2016 का है, जब अमरिंदर सिंह कांग्रेस में थे। ईडी ने 23 अक्टूबर 2020 को उनके बेटे को भी जालंधर ऑफिस में बुलाया था। पिता-पुत्र पर स्विस बैंक अकाउंट समेत कुछ-कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी होने का आरोप है। 

उनके बेटे रणिंदर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कानून का पालन करने वाले नागरिक होने के नाते, हम हर जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे। हमें कानून के राज पर पूरा भरोसा है और हमें भरोसा है कि सच और न्याय की जीत होगी।"

इसके बाद, जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "जब वह (कैप्टन अमरिंदर सिंह) मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब और किसानों के हितों के लिए खड़े हुए थे, तो कथित तौर पर उन्हें रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया था। फिर उन पर भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला गया। अब उनके साथ जैसा बर्ताव किया जा रहा है, यह किसी भी पंजाबी नेता के लिए एक चेतावनी जैसा है, जो ऐसा कदम उठाने के बारे में सोच रहे हों।"

परगट सिंह ने पंजाब की सत्ताधारी पार्टी 'आप' पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी भी इसी तरह के पैटर्न पर काम करती दिखती है। एजेंसियों का इस्तेमाल करना और अपने ही विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना, जिसमें कई मामले लॉजिकल नतीजे तक नहीं पहुंच पाते, जबकि विरोध करने वाली आवाजों को या तो चुप करा दिया जाता है या साइडलाइन कर दिया जाता है।"

Source: IANS

You Might Also Like

Advertisement

Get Newsletter