राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों पर सीएम भजनलाल शर्मा बोले, यह

जयपुर, 14 सितंबर । राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पिछले ढाई साल के विकास कार्यों को दिया।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, "ये जीत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत, सरकार के ढाई साल और विकास कार्यों को जमीन पर उतारते हुए किए गए कार्यों को लेकर हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चुनाव में भी हमारा चेहरा थे। सभी कार्यकर्ताओं और सभी नेताओं ने एकजुटता के साथ जमीन पर उतरकर काम किया और सरकार की कार्य योजना को लोगों तक पहुंचाने का काम किया।"

उन्होंने कहा, "भाजपा ने जो वादा किया था, उसे निभाया है। हम अपने वादों को लेकर निश्चित रूप से काम कर रहे हैं और भरोसा दिलाते हैं कि जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। एक देश एक चुनाव के तहत हमने राजस्थान में यह संकल्प लिया था कि हम एक साथ चुनाव करेंगे और हम एक साथ चुनाव करा ही रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा लोगों से झूठे वादे किए, लेकिन उन वादों को सही दिशा में पूरा करने का काम हमने किया।"

भजनलाल शर्मा ने कहा, "आज मैं राज्य के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और शानदार जीत के लिए राजस्थान की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मैं उन सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने इस जीत को हासिल करने के लिए अपना समय और मेहनत लगाई। मैं यह जीत उन्हें और राजस्थान की जनता को समर्पित करता हूं और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।"

उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में राज्य में हुए ऐतिहासिक कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने पीएम के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को अपनाया है। सीएम ने युवाओं का जिक्र करते हुए कहा, "राजस्थान के युवाओं ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। देशभर के युवा उनके विजन को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं और मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।"

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में उनकी सरकार ने जनता से किए गए 78 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा, "लोगों को स्थानीय निकायों के लिए हमारे द्वारा पेश किए गए ‘शहरी विकास घोषणापत्र’ पर भी भरोसा है, जो जन कल्याण, विकास और गरीबों के उत्थान पर केंद्रित है। हम युवाओं, महिलाओं, आम जनता और वरिष्ठ नागरिकों के लिए इस घोषणापत्र में किए गए वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। हमें विश्वास है कि हम आगामी पंचायत चुनावों में और भी बड़ी जीत हासिल करेंगे।"

अपने 'एक राज्य, एक चुनाव' के वादे पर सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान स्थानीय निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव लगातार दो वर्षों तक होते रहे थे। जनता ने 'एक राज्य, एक चुनाव' की अवधारणा को स्वीकार किया है। वे समझते हैं कि केवल एक बार चुनाव कराने से विकास का रास्ता खुलता है और चुनावों के लगातार चक्र में जनता के पैसे की बर्बादी रुकती है। लोगों ने इस दृष्टिकोण का समर्थन किया है।"

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर को 162 निकायों में हुआ था, जिसमें 4 नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल थीं। इस चरण में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे और 76.41 प्रतिशत मतदान हुआ था।

दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को हुआ, जिसमें 6 नगर निगम जयपुर, अजमेर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और पाली, 24 नगर परिषद तथा 117 नगरपालिकाओं सहित कुल 147 निकायों में वोटिंग हुई। इसमें 4,774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार मैदान में थे और 71.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोनों चरणों में कुल मतदान 74.05 प्रतिशत रहा।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter