पटना में लाठीचार्ज पर सियासत तेज, रामकृपाल बोले-छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहे बेरोजगार नेता
बिहार छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस के द्वारा की गई कार्रवाई के बाद मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और छात्रों की उचित मांगों पर विचार किया जाएगा।

पटना, 26 अगस्त । बिहार छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस के द्वारा की गई कार्रवाई के बाद मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और छात्रों की उचित मांगों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगार नेता छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्री रामकृपाल यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "छात्रों की समस्याओं को लेकर सरकार अत्यंत गंभीर है। मुख्यमंत्री ने स्वयं पहल की है और छात्रों की जो उचित मांग है, उस पर विचार करने का निर्णय लिया है। उनकी समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है। छात्रों की आड़ में कुछ दलों के लोग, जो बेरोजगार हो गए हैं, वो अपनी चिंता कर रहे हैं। उन्हें छात्रों की समस्या के समाधान की चिंता नहीं है। उनकी चिंता है कि कैसे अव्यवस्था फैले, लाठीचार्ज हो, गोली चले ताकि उनकी जो दुकानदारी बंद हो गई है, वो फिर से खुल जाए।"
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा, "छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश की जा रही है। हम अपने छात्रों से अनुरोध करेंगे कि आपकी समस्या को लेकर चाहे केंद्र की सरकार हो या राज्य की सरकार, वो पूरी तत्परता के साथ लगी है। ऐसे राजनीतिक दलों से बचें जिनकी दुकानदारी बंद हो गई है और जो आपके कंधे पर बंदूक रखकर चलाने की कोशिश कर रहे हैं।"
प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि विपक्षी नेता अवसर की तलाश में रहते हैं। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव हों या अलग-अलग दलों के नेता, वो अवसर खोजते रहते हैं। कहां अवसर मिले? उनको तो सरकार के खिलाफ कोई अवसर मिल नहीं रहा है। सरकार तत्परता के साथ हर वर्ग, हर तबके के लिए सोच रही है, नीति बना रही है, काम कर रही है। बेरोजगारी दूर करने के लिए, उनकी उन्नति, तरक्की और विकास के लिए, चाहे वो महिला हो, पुरुष हो, नौजवान हो, बुजुर्ग हो, किसान हो, मजदूर हो, दुकानदार हो, सबकी चिंता सरकार कर रही है और सबके लिए काम कर रही है।"
महिलाओं के लिए सरकारी योजनाओं पर बात करते हुए मंत्री ने कहा, "महिलाओं पर हमारी सरकार पहले से ही विशेष ध्यान दे रही है, चाहे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हों या प्रधानमंत्री मोदी। उन्हीं के कामों को हम आगे बढ़ा रहे हैं। जितना सशक्तिकरण नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए बिहार में किया है, मैं समझता हूं कि कोई और सरकार नहीं कर पाई है। नीतीश कुमार ने महिलाओं के उत्थान के लिए जो काम शुरू किया, उसी काम को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं।"
उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए किए गए फैसलों का जिक्र करते हुए कहा, "रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के उत्थान, उन्हें आगे बढ़ाने और उनकी आर्थिक उन्नति के लिए कई तरह के निर्णय लिए गए हैं। चाहे उनके रोजगार का सवाल हो, चाहे जीविका दीदियों के लिए सौगात का सवाल हो, वो मिलता रहेगा। सरकार की प्रतिबद्धता है।"
Source: IANS

