चुनावी हार से राहुल गांधी को सीखने की जरूरत नहीं, नहीं सीखेंगे तो

पानीहाटी, 28 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिए बयानों पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी हार से निराश और हताश हो चुके हैं। उनके लिए बेहतर होगा कि वे इन चुनावी हार से सीखें। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो आने वाले समय में भी जनता उन्हें वोट की चोट देती रहेगी।

पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने पानीहाटी में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार और निराशा से पूरी तरह बौखला गया है। आज हम देख रहे हैं कि चाहे कांग्रेस हो या टीएमसी, वे अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। जब वे तमिलनाडु और केरल में चुनाव जीतते हैं, तो वे चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाते, लेकिन जब भाजपा पश्चिम बंगाल, असम और उत्तर प्रदेश में जीतती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष देते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी हार से सीखने का प्रयास करिए। हताशा में संवैधानिक संगठनों पर सवाल उठाकर आप अपने ऊपर सवाल उठा रहे हैं। देश की जनता ने आपको जो वोट की चोट दी है, उसका दर्द आपको है। इस चोट के दर्द का अहसास करते हुए कुछ नई चीजें सीखिए। अगर नहीं सीखेंगे तो जनता आने वाले समय में ऐसी ही चोट देती रहेगी।

उन्होंने पश्चिम बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि मैं पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर हूं। जिस तरह से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के लिए काम किया है, उसके लिए मैं आज मुख्यमंत्री और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं। मात्र पांच महीने के कम समय में कई संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाने का काम किया गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter