परिसीमन विधेयक के समर्थन में बीआरएस, केटीआर ने लागू कराने को लेकर जताई प्रतिबद्धता
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री के. टी. रामाराव (केटीआर) ने परिसीमन प्रस्ताव को समर्थन देने का ऐलान किया है।
नई दिल्ली, 28 नवंबर । भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री के. टी. रामाराव (केटीआर) ने परिसीमन प्रस्ताव को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में किसी तरह की कमी और तेलंगाना के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।
केटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि परिसीमन को लेकर बीआरएस का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है। पार्टी दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई कटौती नहीं चाहती और तेलंगाना के हितों के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि बीआरएस लगातार संसद में दक्षिण भारत की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने की मांग करती रही है। प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि और 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात में बदलाव नहीं करने की सुरक्षा व्यवस्था इस प्रमुख चिंता का समाधान करती है।
केटीआर के मुताबिक, इस प्रस्ताव के तहत तेलंगाना में लोकसभा सीटों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए बीआरएस के तीनों राज्यसभा सांसद प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने महिला आरक्षण का भी समर्थन करते हुए कहा कि बीआरएस हमेशा महिला आरक्षण के पक्ष में रही है और इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, "हमने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
इसके साथ उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो भी शेयर किया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस प्रयास का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उनके सामने उठाया और पत्र लिखकर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनका हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है।
पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी से रोक नहीं पाएंगी और इसके लिए केवल समय का इंतजार है।
Source: IANS