बिहार : पिंडदान के लिए गयाजी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष इंतजाम, पांच पैकेज के साथ ई-पिंडदान भी
बिहार के गयाजी में आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर पर्यटन विभाग ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पिंडदान पर्यटन पैकेज जारी किए हैं।

पटना, 14 सितंबर । बिहार के गयाजी में आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर पर्यटन विभाग ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पिंडदान पर्यटन पैकेज जारी किए हैं। गयाजी में इस वर्ष पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक-दिवसीय और एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज के साथ ऑनलाइन ई-पिंडदान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पर्यटन विभाग के निर्देश पर तैयार इन पैकेजों में पिंडदान अनुष्ठान, धार्मिक स्थलों के दर्शन, परिवहन, आवास, भोजन, पंडा-पुजारी की सेवाएं और आवश्यक पूजन सामग्री को एकीकृत किया गया है। श्रद्धालु अपनी यात्रा अवधि, सुविधा और बजट के अनुसार अलग-अलग पैकेज का चयन कर सकेंगे। श्रद्धालु ऑनलाइन बुकिंग के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की वेबसाइट पर जा सकते हैं। बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए 8544418408 और 8294307690 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
एक अधिकारी के मुताबिक, पैकेज-ए के तहत पटना-पुनपुन घाट-गयाजी-पटना एक-दिवसीय यात्रा कराई जाएगी। इसमें पटना शहर के 10 किलोमीटर क्षेत्र, पटना रेलवे स्टेशन या हवाई अड्डे से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा होगी। पुनपुन घाट पर पिंडदान, पिंडदान शुल्क और पूजन सामग्री के साथ गयाजी में फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट वृक्ष पर पिंडदान की सुविधा मिलेगी। बजट एसी से लेकर थ्री स्टार होटल तक आवास और शाकाहारी दोपहर का भोजन भी पैकेज में शामिल है।
इसकी दर एक से चार यात्रियों की क्षमता और होटल श्रेणी के अनुसार 14,550 रुपये से 30,650 रुपये तक है। पैकेज-बी के तहत पटना-पुनपुन घाट-गयाजी-नालंदा-राजगीर-पटना का एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज है। इसमें पिंडदान, पूजन सामग्री, आवास और भोजन के साथ राजगीर के विश्व शांति स्तूप तथा नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। स्मारकों और पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट इसमें शामिल नहीं हैं। इसकी कीमत 18,850 रुपये से 40,700 रुपये तक है। पैकेज-सी में गयाजी का एक-दिवसीय पिंडदान पैकेज है।
गयाजी रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे अथवा 15 किलोमीटर के दायरे से पिकअप-ड्रॉप, फल्गु नदी पर तर्पण, विष्णुपद मंदिर और अक्षयवट पर पिंडदान, पंडाजी की सेवाएं, पूजन सामग्री, आवास और शाकाहारी भोजन इसमें शामिल है। इसकी दर 11,250 रुपये से 25,250 रुपये तक है। पैकेज-डी के तहत एक रात्रि-दो दिवसीय गयाजी पिंडदान पैकेज है, जिसे विशेष रूप से देर रात, सुबह और शाम के समय पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें परिवहन, आवास, भोजन और तीनों प्रमुख स्थलों पर पिंडदान की सुविधा शामिल है। इसकी दर 16,000 रुपये से 39,500 रुपये तक है।
वहीं, पैकेज-ई गयाजी-राजगीर-नालंदा का एक रात्रि-दो दिवसीय पैकेज है। इसमें पिंडदान संबंधी सेवाओं के साथ राजगीर विश्व शांति स्तूप और नालंदा के प्राचीन अवशेषों का भ्रमण कराया जाएगा। इसकी दर 16,550 रुपये से 32,850 रुपये तक निर्धारित की गई है। इसके अलावा, जो श्रद्धालु गयाजी नहीं पहुंच सकते, उनके लिए ऑनलाइन ई-पिंडदान पैकेज भी उपलब्ध कराया गया है। इसकी कुल कीमत जीएसटी सहित 23,000 रुपये है। इसमें विष्णुपद मंदिर, अक्षयवट और फल्गु नदी पर पिंडदान अथवा तर्पण, पुरोहित की सेवाएं, पूजन सामग्री और दक्षिणा शामिल है। संपूर्ण अनुष्ठान की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी और उसकी पेन ड्राइव भी श्रद्धालु को उपलब्ध कराई जाएगी।
Source: IANS

