टी20 वर्ल्ड कप: संजू सैमसन ने खेली ऐतिहासिक पारी, विराट कोहली का तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। ईडन गार्डन्स के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को 5 विकेट से मिली जीत के नायक संजू सैमसन रहे।
कोलकाता, 1 मार्च। भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। ईडन गार्डन्स के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार को 5 विकेट से मिली जीत के नायक संजू सैमसन रहे। संजू ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। सैमसन टी20 विश्व कप में भारत की ओर से रनों का पीछा करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
संजू सैमसन ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेज करते हुए 82 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, टी20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ भी विराट ने नाबाद 82 रन बनाए थे। सैमसन ने अपनी तूफानी पारी में 12 चौके और 4 छक्के लगाए। भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज के आगे कैरेबियाई टीम के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए। 97 रनों की नाबाद पारी के साथ ही सैमसन भारत की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
संजू ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर 58 रनों की अहम साझेदारी निभाई। एक तरफ से विकेट गिरने के बावजूद सैमसन एक छोर को संभालकर खड़े रहे और रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर चौका लगाते हुए टीम इंडिया को छठी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल का टिकट दिलाया। वेस्टइंडीज से मिले 196 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल किया। सैमसन के अलावा भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 27 और हार्दिक पांड्या ने 17 रनों का योगदान दिया।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन लगाए। टीम की तरफ से रोस्टन चेज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 40 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि रोवमैन पॉवेल ने 19 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए। जेसन होल्डर ने 22 गेंदों में 2 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 37 रन बनाए। सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत 5 मार्च को इंग्लैंड के साथ होगी। वहीं, वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया है।
Source: IANS