आईपीएल 2026: केकेआर ने किया नई जर्सी का अनावरण, टीम की विरासत पर आधारित नया डिजाइन

कोलकाता, 14 मार्च। तीन बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन (आईपीएल 2026) के लिए अपनी नई जर्सी लांच कर दी है। नई जर्सी को 'लाइन्स ऑफ लेगेसी थीम' पर डिजाइन किया गया है।

नई जर्सी के डिजाइन के केंद्र में वे खास पल हैं जिन्होंने इतने सालों में केकेआर के सफर को आकार दिया है। 2008 में लीग के उद्घाटन मैच में ब्रेंडन मैकुलम के 158 रन की यादगार पारी से लेकर, रिंकू सिंह के आखिरी ओवर में लगाए पांच छक्कों तक, केकेआर ने ऐसे कई पल दिए हैं जो आईपीएल की कहानियों का हिस्सा बन गए हैं।

केकेआर ने एक बयान में कहा, "इस सीजन में, उन लाइनों को सिर्फ याद नहीं रखा गया है - उन्हें जर्सी में ही बुना गया है, जिससे फैन्स टीम की कहानी का एक हिस्सा पहन सकें।"

जर्सी के अनावरण पर बात करते हुए, नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, वेंकी मैसूर, ने कहा, "द लाइन्स ऑफ लेगेसी केकेआर के शानदार इतिहास का सार है और टीम के इतने सालों के सफर का जश्न मनाती है। हर लाइन शानदार पल का एक अहम हिस्सा है, जो हमारी पहचान बनाने के लिए मिलकर काम करने वाली ऊर्जा और जोश को दिखाती है। हमें अपनी बनाई इस लेगेसी पर गर्व है और हम इसे आने वाले सीजन में भी इसे जारी रखना चाहते हैं, साथ ही अपने फैन्स के लिए और भी यादें बनाना चाहते हैं।" 

बीसीसीआई द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक कोलकाता नाइट राइडर्स अपने कैंपेन की शुरुआत 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। केकेआर अपने होम ग्राउंड ईडेन गार्डन में पहली बार 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेलेगी। 

केकेआर ने आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में कैमरून ग्रीन, मथीशा पथिराना, रोवमैन पॉवेल और फिन एलन जैसे बड़े खिलाड़ियों को खरीदकर टीम को मजबूती देने का प्रयास किया था। 

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement