आईपीएल 2026: एमआई के खिलाफ टॉस जीतकर पीबीकेएस ने चुनी गेंदबाजी, चोटिल रोहित-सैंटनर बाहर

मुंबई, 16 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत गुरुवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।  

पंजाब किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते हैं। अब तक हमारा कॉम्बिनेशन शानदार रहा है, इसलिए हम इसे जारी रखना चाहते हैं। टीम को वर्तमान पर ही ध्यान देना चाहिए और अति-आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। पिच थोड़ी सूखी लग रही है। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।"

मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। रोहित शर्मा और मिचेल सैंटनर यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। रोहित की जगह पर क्विंटन डी कॉक खेल रहे हैं, जबकि सैंटनर के स्थान पर मयंक रावत अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं। टॉस हारने के बाद कप्तान हार्दिक ने कहा, "हम भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। मुझे लगता है कि पिछले मैच में हमने 20 से ज्यादा रन वाले 4 ओवर दिए थे, और एक टीम के तौर पर हम जानते हैं कि हमें क्या नहीं करना है। रोहित शर्मा इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं और मिचेल सैंटनर भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। क्विंटन डी कॉक टीम में लौटे हैं, जबकि मयंक रावत डेब्यू कर रहे हैं।"

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने 4 मुकाबलों में से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने पंजाब किंग्स को दमदार शुरुआत दी है। वहीं, कूपर कोनोली और श्रेयस अय्यर भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। हालांकि, अर्शदीप सिंह इस सीजन संघर्ष करते हुए दिखाई दिए हैं। वहीं, मार्को जानसेन ने भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 4 ओवर में 40 रन खर्च किए थे।

दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस सीजन का आगाज जीत के साथ करने के बाद हार की हैट्रिक लगा चुकी है। आखिरी मुकाबले में टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। टीम के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक अब तक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। रयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं। वहीं, तिलक वर्म और हार्दिक पांड्या भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। हालांकि, शेरफेन रदरफोर्ड ने जरूर आरसीबी के खिलाफ 31 गेंदों में 71 रनों की दमदार पारी खेली थी। टीम का गेंदबाजी अटैक भी इस सीजन अब तक लय में नजर नहीं आया है।

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter