आईपीएल 2026: जीटी के खिलाफ केकेआर ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, एलन की जगह सीफर्ट को मौका

अहमदाबाद, 17 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 25वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) की भिड़ंत शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हो रही है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर के कप्तान अजिक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। फिन एलन की जगह पर टिम सीफर्ट को टीम में शामिल किया गया है। रहाणे ने टॉस जीतने के बाद कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे और चाहते हैं कि हमारे बल्लेबाज इस मुकाबले में खुलकर खेलें। हम बस चीजों को पलटना चाहते हैं, इसलिए पहले बल्लेबाजी करना एक अच्छा विकल्प है। अगर आप अच्छा कर रहे हैं, तो लोग आपकी तारीफ करेंगे, वरना वे आपकी आलोचना करेंगे। टी20 फॉर्मेट पूरी तरह से मोमेंटम पर निर्भर करता है। टीम में एक बदलाव है। एलन की जगह सीफर्ट आए हैं।"

हालांकि, गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस हारने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "सच कहूं तो हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। शायद थोड़ी ओस हो सकती है। पिछले मैच में बीच के ओवरों में हमारी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी। वरना, यह एक आसान चेज होना चाहिए था। यह सब बस आसान चीजों को सही तरीके से करने के बारे में है। टीम मीटिंग में हम हमेशा इसी बारे में बात करते हैं। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।"

गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में मिलाजुला रहा है। टीम ने इस सीजन खेले 4 मुकाबलों में से 2 में जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। बल्लेबाजी में शुभमन गिल और जोस बटलर ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, टीम का मिडिल ऑर्डर थोड़ा कमजोर नजर आया है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 4 विकेट निकाले थे। हालांकि, सिराज और रबाडा इस सीजन संघर्ष करते हुए नजर आए हैं।

दूसरी तरफ, अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इस सीजन 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। केकेआर इस मुकाबले में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन तो संतोषजनक रहा है, लेकिन गेंदबाजी अटैक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है।

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अशोक शर्मा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: टिम सीफर्ट, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter