टी20 विश्व कप: शाई होप का अर्धशतक, वेस्टइंडीज ने इटली को दिया 166 रन का लक्ष्य

कोलकाता, 19 फरवरी। टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप सी का मुकाबला वेस्टइंडीज और इटली के बीच इडेन गार्डेन, कोलकाता में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शाई होप के 75 रनों की मदद से 6 विकेट पर 165 रन बनाए हैं। 

इटली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने अपने ब्रैंडन किंग और शिमरोन हेटमायर के विकेट 31 रन तक गंवा दिए थे। तीसरे विकेट के लिए कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने 64 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। चेज 25 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। 

पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान शाई होप ने 46 गेंद पर 4 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 6 विकेट पर 165 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। होप की पारी नहीं आई होती, तो वेस्टइंडीज बड़ी मुश्किल में फंस सकती थी। पारी के अंत में शरफेन रदरफोर्ड ने 15 गेंद पर नाबाद 24 और मैथ्यू फोर्ड ने 8 गेंद पर अहम 16 रन बनाए। 

इटली का गेंदबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। शाई होप को छोड़कर वेस्टइंडीज के हर बल्लेबाज पर इटली के गेंदबाजों ने नियंत्रण रखा था। वेस्टइंडीज को 165 के स्कोर पर रोक देना निश्चित तौर पर इटली के गेंदबाजों की सफलता है।

इटली के लिए बेंजामिन मानेटी ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 और क्रिशन कलुगामागे ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लिए। अली हसन ने 3 ओवर में 24 रन देकर 1 और थॉमस ड्राका ने 2 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया। 

वेस्टइंडीज सुपर-8 में जगह बना चुकी है। इसलिए इस मैच के परिणाम से वेस्टइंडीज पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन अगर इटली जीत गई तो यह बड़ा अपसेट होगा। 

Source: IANS

You Might Also Like

Advertisement

Get Newsletter