टी20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज ने धमाकेदार जीत के साथ किया सुपर-8 का आगाज, जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदा

मुंबई, 23 फरवरी। टी20 वर्ल्ड कप 206 में सोमवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में कैरेबियाई टीम से 255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम 147 रन बनाकर सिमट गई।  

255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करने वाले ब्रायन बेनेट इस मुकाबले में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर- बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी भी सिर्फ 14 रन ही बना सके।

रयान बर्ल को अकील हुसैन ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। डायोन मायर्स ने कुछ दमदार शॉट्स लगाए, लेकिन वह 15 गेंदों में 28 रन बनाने के बाद गुडाकेश मोती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

कप्तान सिकंदर रजा ने 20 गेंदों का सामना करते हुए 27 रन बनाए, जबकि टोनी मुनयोंगा ने 14 रनों का योगदान दिया। ब्रेड इवांस ने जिम्बाब्वे की तरफ से सर्वाधिक 21 गेंदों में 43 रन बनाए। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर चार विकेट निकाले। वहीं, अकील हुसैन ने 4 ओवर में 28 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए।

इससे पहले, वेस्टइंडीज ने शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल की दमदार पारियों के बूते 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए। हेटमायर ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 85 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग में हेटमायर ने 7 चौके और सात छक्के लगाए।

पॉवेल ने 35 गेंदों में 59 रन बनाए। रदरफोर्ड ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया और वह 3 चौके और 2 सिक्स की मदद से 13 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे की तरफ से गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने दो-दो विकेट चटकाए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement