वनडे सीरीज: स्टेफनी टेलर का शतक बेकार, ऑस्ट्रेलिया ने 103 रन से वेस्टइंडीज से रौंदा

सेंट किट्स, 28 मार्च। स्टेफनी टेलर का नाबाद शतक पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज के काम नहीं आ सका। वार्नर पार्क में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 103 रन से दमदार जीत दर्ज करते हुए तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से लीड बना ली। सीरीज के शेष मुकाबले 29 मार्च और 2 अप्रैल को खेले जाने हैं। 

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 49.5 ओवरों में 341 रन पर सिमट गई। जॉर्जिया वोल और फोएबे लिचफील्ड की सलामी जोड़ी ने 10.3 ओवरों में 75 रन की साझेदारी की। वोल 32 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद लिचफील्ड ने एलिस पेरी के साथ दूसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 166 के स्कोर तक पहुंचाया। पेरी 46 गेंदों में 44 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनकी इस पारी में 3 चौके शामिल रहे। लिचफील्ड ने 72 गेंदों पर 11 बाउंड्री के साथ 77 रन टीम के खाते में जोड़े।

टीम 186 के स्कोर तक 4 विकेट खो चुकी थी। यहां से निकोला कैरी ने कप्तान सोफी मोलिनेक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। निकोला 49 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि सोफी ने 47 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। जॉर्जिया वेयरहैम ने 42 रन जुटाए।

विपक्षी खेमे से अफी फ्लेचर ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। डिएंड्रा डॉटिन और स्टेफनी टेलर ने 2-2 शिकार किए। हेली मैथ्यूज और करिश्मा रामहरैक ने 1-1 सफलता प्राप्त की।

विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 238 रन ही बना सकी। टीम ने 76 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से स्टेफनी टेलर ने चिनेल हेनरी के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला, लेकिन जीत नहीं दिला सकीं।

स्टेफनी टेलर 129 गेंदों में 1 छक्के और 10 चौकों के साथ 105 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हेनरी ने 38 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। हेली मैथ्यूज ने 22 रन जुटाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से किम गार्थ ने 37 रन देकर 3 विकेट निकाले। एश्ले गार्डनर ने 2 विकेट हासिल किए। निकोला कैरी और जॉर्जिया वेयरहैम ने 1-1 सफलता प्राप्त की।

Source: IANS

Advertisement

Get Newsletter