नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार टाइगर वुड्स, मगर कुछ ही देर में मिल गई रिहाई

न्यूयॉर्क, 28 मार्च। दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स को शुक्रवार शाम नशे की हालत में गाड़ी चलाने और फ्लोरिडा में अपने घर के पास एक कार दुर्घटना में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जिसके कुछ घंटो बाद ही उन्हें फ्लोरिडा की एक जेल से रिहा कर दिया गया। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, 50 वर्षीय वुड्स को एक काली कैडिलैक की अगली सीट पर झुकी हुई हालत में देखा गया। इसी गाड़ी से उन्हें मार्टिन काउंटी लॉकअप से बाहर ले जाया गया। यह घटना उनके गृह नगर जुपिटर आइलैंड में हुई कार दुर्घटना के लगभग आठ घंटे बाद हुई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

फ्लोरिडा के कानून के अनुसार, वुड्स को कम से कम आठ घंटे जेल में बिताने पड़े। हालांकि, पुलिस के यह कहने के बावजूद कि उन्हें कोई विशेष रियायत नहीं दी जाएगी, उन्हें रिहा होने की अनुमति मिल गई।

शुरुआती रिपोर्ट्स में मार्टिन काउंटी पुलिस के हवाले से कहा गया है कि जब वुड्स दोपहर करीब 2 बजे एक फ्लैटबेड ट्रक को तेजी से ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, तब उनकी लैंड रोवर पलट गई। उस समय वह 'किसी तरह की दवा या नशीले पदार्थ' के प्रभाव में लग रहे थे।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद 50 वर्षीय वुड्स में 'नशे या अस्वस्थता' के लक्षण दिखाई दिए। मार्टिन काउंटी पुलिस ने शाम को वुड्स की एक 'मगशॉट' (गिरफ्तारी के समय ली गई तस्वीर) जारी की, जिसमें उनकी आंखें लाल दिखाई दे रही थीं। कई पीजीए खिताब जीतने वाले इस खिलाड़ी को फ्लोरिडा की मार्टिन काउंटी जेल ले जाया गया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों ने शराब के नशे की आशंका से इनकार किया है, हालांकि वुड्स ने यूरिन टेस्ट करवाने से मना कर दिया था।

मार्टिन काउंटी के शेरिफ जॉन बुडेंसिएक ने पत्रकारों को बताया कि गोल्फर वुड्स एक लैंड रोवर चला रहे थे। दोपहर 2 बजे से कुछ ही पहले, जुपिटर आइलैंड स्थित वुड्स के घर के पास एक संकरी दो-लेन वाली सड़क पर एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी गाड़ी पलट गई। गाड़ी एक ट्रेलर से टकराई, सड़क से हट गई, और सड़क पर कुछ दूर घिसटने के बाद ड्राइवर की तरफ से जमीन पर टिक गई।

बुडेंसिएक ने कहा, "डीयूआई जांचकर्ता मौके पर पहुंचे और वुड्स में नशे के लक्षण दिखाई दिए। उन्होंने उनके कई टेस्ट किए। उन्होंने अपनी चोटों और सर्जरी के बारे में बताया, जिसे हमने ध्यान में रखा, लेकिन फिर भी विस्तृत रोडसाइड टेस्ट किए गए। हमें इस मामले में शराब के शामिल होने का ज्यादा शक नहीं था और जेल में यह सही भी साबित हुआ। लेकिन जब हमने उनसे यूरिन टेस्ट के लिए कहा, तो उन्होंने मना कर दिया। इसलिए उन पर शराब पीकर गाड़ी चलाना (डीयूआई), संपत्ति को नुकसान और वैध जांच से इनकार करने के आरोप लगाए गए।"

टाइगर वुड्स के साथ यह कम से कम तीसरी बार है, जब वे कार हादसे में शामिल हुए हैं। इससे पहले फरवरी 2021 में उनका एसयूवी लॉस एंजिलिस की एक तटीय सड़क पर तेज रफ्तार में नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से उतर गया था, जिसमें उनके पैर और टखने में गंभीर चोटें आई थीं। साल 2021 के उस हादसे के बाद वुड्स ने 11 टूर्नामेंट खेले, लेकिन जिन चार मौकों पर उन्होंने 72 होल पूरे किए, उनमें वे विजेता से 16 शॉट के भीतर भी नहीं पहुंच सके।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement