आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जीटी के साथ डेब्यू करेंगे अशोक शर्मा

न्यू चंडीगढ़, 31 मार्च। पंजाब किंग्स ने मंगलवार को महाराज यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के चौथे मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेंगी। टाइटंस की टीम में 23 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को डेब्यू का मौका दिया गया है। 

टॉस जीतने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमारा पिछला सीजन जबरदस्त रहा था। हमें वर्तमान पर ध्यान देना होगा। हमें अतीत के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा। कूपर कोनोली टीम में आए हैं। मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट और मार्को जानसेन भी टीम में हैं।"

दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "यह विकेट काफी अच्छा लग रहा है। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बल्लेबाजी के लिए यह एक अच्छा विकेट लग रहा है। पिछले साल, हमारा सीजन काफी अच्छा रहा था। दो नए खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स और अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। इनके अलावा, हमारी टीम में जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान और कगिसो रबाडा हैं।"

एक ओर शुभमन गिल गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं, तो दूसरी तरफ श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स की कमान संभाल रहे हैं। भारत के व्हाइट बॉल क्रिकेट के दो मुख्य खिलाड़ी इस मुकाबले का मुख्य आकर्षण होंगे।

दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 6 मैच खेले गए हैं, जिसमें गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स ने 3-3 मुकाबले अपने नाम किए हैं। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद आईपीएल 2023 के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, जहां चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स साल 2014, 2017 और 2025 के फाइनल तक पहुंची, लेकिन हर बार ट्रॉफी उठाने का मौका चूक गई। 

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, एम शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement