सातवीं बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के साथ मालमाल ऑस्ट्रेलियाई टीम,

नई दिल्ली, 6 जुलाई । लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया। चैंपियन बनने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम पर जमकर पैसों की बरसात भी हुई है।

आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2026 की कुल प्राइज मनी में इस बार 10 प्रतिशत इजाफा किया था। प्राइज मनी को 87,64,615 डॉलर रखा गया था, जो भारतीय रुपये में तकरीबन 83.41 करोड़ बैठती है। सातवीं बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया टीम को 23,40,000 डॉलर की प्राइज मनी से नवाजा गया, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से लगभग 22.27 करोड़ है।

वहीं, फाइनल तक का सफर तय करने वाली इंग्लैंड को 11,70,000 डॉलर की प्राइज मनी दी गई, जो भारतीय करेंसी के अनुसार, 11.13 करोड़ रुपये है। भले ही भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही, लेकिन हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने भी इस टी20 विश्व कप में करोड़ों की कमाई की। भारतीय टीम को तकरीबन 2.35 करोड़ रुपये टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए मिलेंगे, जबकि ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीतने के लिए भारत को 88.94 लाख रुपये दिए जाएंगे। यानी 3.23 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भारतीय टीम को मिलेगी।

वहीं, पाकिस्तान को इस विश्व कप से 2.64 करोड़ की कमाई हुई। सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका को 6,75,000 डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी। इसके साथ ही ग्रुप स्टेज के मुकाबले जीतने के लिए दोनों टीमों को 31,154 डॉलर दिए जाएंगे। यानी भारतीय करेंसी के मुताबिक, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम 6.42 करोड़ रुपये मिलेंगे।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 150 रन लगाए। टीम की ओर से नेट साइवर-ब्रंट ने 53 गेंदों में सर्वाधिक 58 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि फ्रेया कैंप ने महज 28 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 44 रन बनाए।

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने 151 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कंगारू टीम की तरफ से बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 64 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि फोएबे लिचफील्ड ने 35 गेंदों में 48 रनों का योगदान दिया। मूनी को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' अवॉर्ड से नवाजा गया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter