राशिद खान ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में पूरा किया विकेटों का दोहरा शतक,

शारजाह, 30 अक्टूबर । अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने गुरुवार को शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले में इतिहास रचा। राशिद ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वे दुनिया के पहले गेंदबाज हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले राशिद के 199 टी20 विकेट थे। मैच के दौरान राशिद ने जिम्बाब्वे के विकेटकीपर बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी को आउट कर अपने 200 विकेट पूरे किए। मैच में राशिद का यह एकमात्र विकेट था।

राशिद ने टी20 विकेटों का दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा है। अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनके आस-पास कोई नहीं है। दाएं हाथ के इस लेग स्पिनर ने अपने 120वें मैच में ये उपलब्धि हासिल की।

अंतरराष्ट्रीय टी20 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले 5 गेंदबाजों की सूची में राशिद पहले नंबर पर हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद 153 मैचों में 171 विकेट लेकर दूसरे, हांगकांग के एहसान खान 119 मैचों में 165 विकेट लेकर तीसरे, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी 142 मैचों में 165 विकेट लेकर चौथे, न्यूजीलैंड के ही टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं।

ओवरऑल टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भी राशिद खान पहले स्थान पर हैं। लीग और अंतरराष्ट्रीय टी20 मिलाकर खेले गए कुल 551 मैचों में वह 741 विकेट ले चुके हैं।

भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम है। अर्शदीप सिंह ने 102 मैचों में 149 विकेट लिए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले चौथे टी20 में अर्शदीप के पास अपने 150 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरा करने का मौका है। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर भी अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 विकेट पूरे कर सकते हैं। सेंटनर को भी ये उपलब्धि हासिल करने के लिए सिर्फ 1 विकेट की जरूरत है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter