होप-ग्रीव्स की साझेदारी ने कराई वेस्टइंडीज की वापसी, कैरेबियाई टीम के नाम रहा एंटिगुआ टेस्ट का तीसरा दिन
वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट का तीसरा दिन पूरी तरह से कैरेबियाई टीम के बल्लेबाजों के नाम रहा।

एंटिगुआ, 6 जुलाई । वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट का तीसरा दिन पूरी तरह से कैरेबियाई टीम के बल्लेबाजों के नाम रहा। वेस्टइंडीज ने दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में 4 विकेट खोकर 318 रन बना लिए हैं।
दूसरे दिन के अपने 58/1 स्कोर से वेस्टइंडीज ने आगे खेलना शुरू किया। केवम हॉज और जॉन कैंपबेल ने दूसरे विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी निभाई और टीम के स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचाया। हॉज 31 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या का शिकार बने।
हालांकि, पहले टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले आमिर जंगू इस पारी में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। कैंपबेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 154 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
हालांकि, इसके बाद शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने मोर्चा संभाला और टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। होप और ग्रीव्स मिलकर पांचवें विकेट के लिए 324 गेंदों में 174 रन जोड़े चुके हैं। होप 173 गेंदों का सामना करने के बाद 9 चौकों की मदद से 86 रन बनाकर खेल रहे हैं।
वहीं, ग्रीव्स 162 गेंदों में 85 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज अभी श्रीलंका द्वारा पहली पारी में बनाए गए 549 रनों के टोटल से 231 रन पीछे है। श्रीलंका की ओर से टेस्ट के तीसरे दिन तक गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो और प्रभात जयसूर्या दो-दो विकेट निकाल चुके हैं।
इससे पहले, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 9 विकेट खोकर 549 रन बनाने के बाद घोषित की थी। टीम की तरफ से लाहिरू उदारा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 248 गेंदों में 21 चौके और 5 छक्कों की मदद से 188 रनों की लाजवाब पारी खेली। वहीं, कामिंदु मेंडिस ने 84 रनों का योगदान दिया। सोनल दिनुशा भी शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने 166 गेंदों में 92 रनों की अहम पारी खेली, जबकि कुशल मेंडिस ने 69 रन बनाए। सीरीज का पहला टेस्ट मैच वेस्टइंडीज ने एक पारी और 217 रनों से जीता था।
Source: IANS

