नाइजीरिया ने जिम्बाब्वे को हराकर 'आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड

दार एस सलाम, 6 सितंबर । नाइजीरिया ने आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नाइजीरिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ रोमांचक फाइनल में 4 रन से रोमांचक जीत हासिल की।

अफ्रीका क्वालीफायर डिवीजन 1 फाइनल में मिली इस जीत के साथ नाइजीरिया ने बगैर कोई मैच गंवाए अपना सफर परा किया। इसी के साथ उसने अगले साल होने वाले टूर्नामेंट के लिए अफ्रीका की एकमात्र क्वालिफिकेशन जगह पक्की कर ली। वे आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के साथ महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस टूर्नामेंट की मेजबानी बांग्लादेश और नेपाल करेंगे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी नाइजीरिया ने 98 रन बनाए। इसके बाद उनके गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 94 रन पर रोक दिया; उस समय पारी की सिर्फ एक गेंद बची थी। कप्तान क्रिस्टाबेल चुकवुओन्ये ने 21 रनों की अहम पारी खेलकर टीम की अगुआई की, जबकि ब्यूटी ओगुआई ने 19 और जेसिका बिएनी ने 15 रन बनाए। इस तरह नाइजीरिया ने मुश्किल पिच पर एक अच्छा स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे की क्रिस्टीन मुतासा ने दो विकेट लिए, जबकि तादिवानाशे गारुत्सा ने एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे पूरे समय मुकाबले में बना रहा। सलेम मुसेका ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। बेथेल जिन्यामा ने 21 और निकोलेट न्यिका ने 18 रन जोड़े, लेकिन नाइजीरिया के गेंदबाजों ने अहम मौकों पर दबाव बनाए रखा।

नाइजीरिया के लिए गेंदबाजी में यूसेन पीस का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा, उन्होंने तीन विकेट लिए। जेनिफर गॉडविन और एनॉइंटेड अखिग्बे ने दो-दो विकेट लेकर टीम को कम स्कोर का बचाव करने में मदद की।

युगांडा ने रवांडा को सात विकेट से हराकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। 74 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए युगांडा ने तीन विकेट खोकर 16.1 ओवर में जीत दर्ज की।

मेजबान तंजानिया ने पांचवें स्थान के लिए हुए प्लेऑफ में केन्या को 29 रन से हराया। तंजानिया ने 106 रन बनाए और फिर केन्या की पूरी टीम को 19 ओवर में 77 रन पर आउट कर दिया। नामीबिया ने मलावी को नौ विकेट से हराकर सातवां स्थान हासिल किया। मलावी की टीम 12.2 ओवर में 38 रन पर सिमट गई और नामीबिया ने सिर्फ 5.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter