विमेंस एशिया कप: श्रीलंका ने लगाई जीत की हैट्रिक, बांग्लादेश को 4

दुबई, 6 सितंबर । श्रीलंका ने विमेंस एशिया कप 2026 के 10वें मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल मे प्रवेश कर लिया है। श्रीलंकाई टीम इस टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगाकर 'ग्रुप-बी' की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर रही।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 114 रन बनाए। दिलारा अख्तर ने जुवैरिया फिरदौस के साथ पहले विकेट के लिए 29 गेंदों में 31 रन की साझेदारी की।

फिरदौस 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुईं, जिसमें 3 चौके शामिल रहे। इसके बाद दिलारा (26) ने शोभना मोस्तरी के साथ दूसरे विकेट के सिर्फ 13 रन जुटाए। आलम ये रहा कि 9.5 ओवरों तक टीम का स्कोर 52/3 था।

इसके बाद शोभना मोस्तरी ने शोर्ना अख्तर (9) के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के बेहद करीब पहुंचाया। शोभना ने टीम के लिए सर्वाधिक 34 रन बनाए। 41 गेंदों की पारी में उनके बल्ले से 4 चौके निकले।

श्रीलंका के लिए चमुदी प्रबोधा ने 4 ओवरों में 21 रन देकर 3 विकेट निकाले। उनके अलावा, सुगंधिका कुमारी ने 2 विकेट चटकाए। कप्तान चामरी अट्टूापट्टू और कविशा दिलहारी को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में श्रीलंका ने 19.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को 7 के स्कोर पर कप्तान चामरी अट्टापट्टू (1) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद टीम ने 44 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।

यहां से निलाक्षिका सिल्वा ने हर्षिता समरविक्रमा के साथ छठे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 82 के स्कोर तक पहुंचाया। निलाक्षिका 18 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद हर्षिता ने कौशानी नुथ्यांगना के साथ सातवें विकेट के लिए 18 गेंदों में 33 रन जुटाकर टीम को जीत दिलाई।

हर्षिता 37 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 48 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कौशानी ने 9 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाए। विपक्षी खेमे से मारुफा अख्तर ने 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। सुल्ताना खातून और रितु मोनी को 1-1 सफलता हाथ लगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter