दिव्यांश जोशी का तूफानी शतक, रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स ने जीता यूपी टी20 लीग 2026 का खिताब
मेरठ मेवरिक्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के खिताब को अपने नाम किया।

नई दिल्ली, 7 सितंबर । मेरठ मेवरिक्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के खिताब को अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मेरठ मेवरिक्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फॉल्कंस को 94 रनों से रौंदा। रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ टीम का प्रदर्शन खिताबी मुकाबले में लाजवाब रहा।
मेरठ मेवरिक्स ने दूसरी बार खिताब को अपने नाम किया है। इससे पहले, साल 2024 में टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। मेरठ मेवरिक्स से मिले 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फॉल्कंस का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम सिर्फ 109 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और हिमांशउ सिंह महज 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आराध्य यादव भी सिर्फ 5 रन ही बना सके। मोहम्मद सैफ 12 गेंदों में 10 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।
अजित वर्मा 4 रन बनाकर रनआउट हुए, जबकि अक्षु बाजवा 4 रन ही बना सके। प्रियाम गर्ग बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। विपराज निगम 3 रन बनाकर जीशान अंसारी का शिकार बने। भुवनेश्वर कुमार 5 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में मेरठ मेवरिक्स की ओर से विशाल चौधरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 24 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, जीशान अंसारी ने दो विकेट निकाले।
इससे पहले,मेरठ मेवरिक्स की शुरुआत भी अच्छी रही और स्वास्तिक चिकारा (18 रन) और दिव्यांश जोशी ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। ऋतुराज शर्मा ने 17 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया। अक्षय दुबे 10 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान रिंकू सिंह भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, दिव्यांश जोश एक छोर को संभालकर खड़े रहे और उन्होंने महज 40 गेंदों में 105 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान दिव्यांश ने 262 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 12 चौके और 7 छक्के लगाए। दिव्यांश की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत मेरठ मेवरिक्स 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही।
Source: IANS

