एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने छोड़ा इंग्लैंड लायंस के हेड कोच का पद

नई दिल्ली, 8 अगस्त । एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने लगभग दो साल तक इंग्लैंड लायंस का हेड कोच बने रहने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है। इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इस साल के आखिर में अपने कोचिंग करियर का अगला चैप्टर शुरू करने वाले हैं। वह बिग बैश लीग में सिडनी थंडर टीम से जुड़ेंगे।

सितंबर 2024 में इंग्लैंड लायंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालने वाले फ्लिंटॉफ ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड के अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों और कोचों को तैयार करने में मदद करने के बाद पद छोड़ने का फैसला किया है। फ्लिंटॉफ ने कहा, "दुर्भाग्य से मैंने लायंस के साथ अपने रोल से हटने का फैसला किया है। मैंने न केवल देश के सबसे अच्छे युवा क्रिकेटरों के साथ काम करके अपना समय बिताया है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ते देखकर मुझे बहुत गर्व भी हुआ है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं कोचों और स्टाफ को उनके जुनून, बिना थके काम और हर दिन दिए जाने वाले सपोर्ट के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। खासकर, एड बार्नी, जिनके साथ मुझे काम करना बहुत पसंद था, और रॉब का भी जिन्होंने इंग्लिश क्रिकेट में सबसे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में से एक के लिए मुझ पर भरोसा दिखाया। मैं इस साल के आखिर में सिडनी थंडर के साथ काम शुरू करने और यह देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकता कि कोचिंग मुझे कहां ले जाती है।"

यह घोषणा सिडनी थंडर द्वारा आने वाले बिग बैश लीग सीजन के लिए फ्लिंटॉफ को अपना हेड कोच बनाने के दो महीने बाद हुई है, जो ऑस्ट्रेलिया के घरेलू प्रतियोगिता में उनकी पहली फुल-टाइम कोचिंग भूमिका होगी। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के मेंस परफॉर्मेंस डायरेक्टर एड बार्नी ने अपने कार्यकाल के दौरान इंग्लैंड लायंस की टीम को सफलता दिलाने का क्रेडिट फ्लिंटॉफ को दिया।

बार्नी ने कहा, "फ्लिंटॉफ ने लायंस के माहौल को एक ऐसे प्रोग्राम में बदलने में मदद की है जिसका युवा खिलाड़ियों पर बड़ा असर पड़ा है। उन्होंने ऐसा माहौल तैयार किया जो हर समय बेहतरीन काम को सपोर्ट और बढ़ावा देता है, उन्होंने युवा खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी को आगे लाने में मदद की है।"

"कोच भी उनके साथ आगे बढ़े हैं, चाहे वे कोचिंग की शुरुआत में हों या दशकों का अनुभव रखते हों। उन्होंने इस ग्रुप की विशेषज्ञता का अधिकतम उपयोग किया है। हम उनके कोचिंग करियर के अगले चरण के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब वे इंग्लिश क्रिकेट में वापसी करेंगे।"

ईसीबी ने यह भी पुष्टि की है कि 12 अगस्त से बेकनहैम में प्रोफेशनल काउंटी क्लब सिलेक्ट इलेवन और पाकिस्तान टीम के बीच होने वाले चार दिवसीय मैच में माइक यार्डी, एंड्रयू फ्लिंटॉफ की जगह लेंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter