भारत बनाम इंग्लैंड: ब्रिस्टल में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? 2018 में मिली थी धमाकेदार जीत

नई दिल्ली, 9 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में गुरुवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम अभी 0-2 से पीछे है, और इंग्लैंड को सीरीज जीतने से रोकने के लिए ब्रिस्टल में टीम इंडिया को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

भारतीय टीम ने ब्रिस्टल में अब तक सिर्फ एक टी20 मुकाबला खेला है। हालांकि, साल 2018 में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 198 रन लगाए थे। भारतीय टीम ने 199 रनों के लक्ष्य को आसानी से 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 56 गेंदों में 100 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जबकि विराट कोहली ने 29 गेंदों में 43 रन बनाए थे।

दूसरी ओर, इंग्लैंड का इस मैदान पर रिकॉर्ड मिलाजुला रहा है। टीम ने ब्रिस्टल में अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 में जीत मिली है। वहीं, 3 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने इस मैदान पर अपना आखिरी मुकाबला 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, जहां टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।

तीसरे टी20 में इंग्लैंड का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 201 रन लगाए थे। टीम की ओर से फिल साल्ट ने 44 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए थे।

वहीं, जोस बटलर ने 21 गेंदों में 36 रनों का योगदान दिया था। सैम करन ने अंत के ओवरों में 24 गेंदों में 41 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी। हालांकि 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम सिर्फ 76 रन बनाकर सिमट गई थी। टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement