रणजी ट्रॉफी : गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से रौंदा, बड़ौदा ने गोवा को एक पारी और 135 रनों से दी शिकस्त
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में बुधवार को 10 मुकाबलों के नतीजे निकले। बड़ौदा ने एक तरफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोवा को एक पारी और 135 रनों से हराया, तो गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से रौंदा।
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर । रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में बुधवार को 10 मुकाबलों के नतीजे निकले। बड़ौदा ने एक तरफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोवा को एक पारी और 135 रनों से हराया, तो गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से रौंदा। वहीं, बंगाल का प्रदर्शन भी दिल्ली के खिलाफ दमदार रहा।
बड़ौदा बनाम गोवा :- रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए के मुकाबले में बड़ौदा ने अपनी पहली पारी 8 विकेट खोकर 472 रन बनाने के बाद घोषित की। इसके जवाब में गोवा के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पहली पारी में पूरी टीम सिर्फ 199 रन ही बना सकी। गोवा को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और दूसरी पारी में भी टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और पूरी टीम 138 रनों पर सिमट गई। बड़ौदा ने इस तरह मुकाबले को एक पारी और 135 रनों से अपने नाम किया।
महाराष्ट्र बनाम सर्विसेज :- ग्रुप सी के मुकाबले में महाराष्ट्र ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्विसेज को 127 रनों से हराया। पहली पारी में महाराष्ट्र ने 333 रन बनाए, जिसके जवाब में सर्विसेज की पूरी टीम 227 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में महाराष्ट्र ने 141 रन बनाए, लेकिन सर्विसेज की टीम सिर्फ 120 रन बनाकर सिमट गई।
ओडिशा बनाम गुजरात :- ग्रुप सी के एक अन्य मुकाबले में गुजरात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को 10 विकेट से रौंदा। पहली पारी में ओडिशा ने 324 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात ने 439 रन बनाकर 115 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी इनिंग में ओडिशा की पूरी टीम सिर्फ 161 रन बनाकर ऑलआउट हुई और गुजरात ने 47 रनों के लक्ष्य को बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
विदर्भ बनाम पुडुचेरी :- रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए के मैच में विदर्भ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुडुचेरी को 160 रनों से हराया। पहली पारी में विदर्भ ने 428 रन बनाए, जिसके जवाब में पुडुचेरी की पूरी टीम 313 रन बनाकर ऑलआउट हुई। विदर्भ ने अपनी दूसरी पारी 3 विकेट खोकर 175 रन बनाने के बाद घोषित की, जिसके जवाब में पुडुचेरी की पूरी टीम 130 रन बनाकर सिमट गई।
बंगाल बनाम दिल्ली :- ग्रुप सी के मैच में बंगाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 9 विकेट से शिकस्त दी। पहली पारी में दिल्ली की पूरी टीम 240 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इसके जवाब में बंगाल ने 425 रन बनाए। दूसरी पारी में दिल्ली के बल्लेबाज 277 रन ही बना सके और बंगाल ने सिर्फ एक विकेट खोकर 89 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की।
मिजोरम बनाम मणिपुर :- रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में खेले गए मुकाबले में मणिपुर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मिजोरम को 3 विकेट से हराया। मिजोरम ने पहली पारी में 183 रन बनाए, जिसके जवाब में मणिपुर ने 251 रन बनाए। दूसरी पारी में मिजोरम की पूरी टीम 295 रन बनाकर सिमटी। हालांकि, मणिपुर ने 7 विकेट खोकर 228 रनों के लक्ष्य को हासिल कर लिया।
हिमाचल प्रदेश बनाम हरियाणा :- रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी में हरियाणा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को 7 विकेट से हराया। हिमाचल प्रदेश ने पहली पारी में 9 विकेट खोकर 253 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा ने 296 रन बनाते हुए मामूली बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में हिमाचल प्रदेश की पूरी टीम 113 रन ही बना सकी और हरियाणा ने आसानी से 3 विकेट खोकर 74 रन बनाकर जीत दर्ज की।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बिहार को हराया, जबकि हैदराबाद ने त्रिपुरा के खिलाफ जीत दर्ज की थी। वहीं, मुंबई ने वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ को एक पारी और 155 रनों से हराया।
उत्तर प्रदेश बनाम बिहार :- रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बिहार को एक पारी और 267 रनों से हराया। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 540 रन बनाए। इसके जवाब में बिहार की पूरी टीम पहली इनिंग में 141 रन बनाकर ऑलआउट हुई, जिसके चलते टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में भी बिहार की पूरी टीम 132 रन ही बना सकी।
मुंबई बनाम चंडीगढ़ :- ग्रुप डी के मुकाबले में मुंबई ने चंडीगढ़ को एक पारी और 155 रनों से हराया। पहली पारी में मुंबई ने 429 रन बनाए, जिसके जवाब में चंडीगढ़ की पूरी टीम सिर्फ 78 रन बनाकर ऑलआउट हुई। फॉलोऑन खेलने उतरी चंडीगढ़ की टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी निराशाजनक रहा और टीम 196 रन ही बना सकी।
हैदराबाद बनाम त्रिपुरा :- मोहम्मद सिराज की कप्तानी में ग्रुप बी के मैच में हैदराबाद ने त्रिपुरा को एक पारी और 40 रनों से हराया। पहली पारी में हैदराबाद ने 294 रन बनाए, जिसके जवाब में त्रिपुरा 134 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में भी त्रिपुरा के बल्लेबाजों का प्रदर्शन खराब रहा और टीम 120 रन बनाकर सिमट गई।
Source: IANS