डीपीएल 2026: यजस की तूफानी बल्लेबाजी, हर्ष-अमन ने गेंदबाजी में मचाया

नई दिल्ली, 16 अगस्त । आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने रविवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 29वें मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 को 21 रन से मात दी। 7 में से 5 मैच जीतकर आउटर दिल्ली वॉरियर्स डीपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि 8 में से 3 मैच गंवाकर पुरानी दिल्ली 6 की टीम तीसरे स्थान पर खिसक गई।

अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 5 विकेट खोकर 219 रन बनाए। प्रियांश आर्य ने यजस शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 9.1 ओवरों में 120 रन की साझेदारी की। प्रियांश 21 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर की चौथी गेंद पर टीम ने यजस शर्मा का विकेट भी खो दिया, जो 36 गेंदों में 5 छक्कों और 10 चौकों के साथ 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस टीम ने 150 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से हर्ष त्यागी ने अक्षय सैनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 27 गेंदों में 55 रन जोड़कर टीम को दोहरे शतक तक पहुंचाया।

हर्ष 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अक्षय ने 23 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 49 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से दिग्वेश राठी ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि उद्धव मोहन और ललित यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में पुरानी दिल्ली 6 निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 198 रन ही बना सकी। इस टीम को आर्यन गौड़ और सर्मथ सेठ ने शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 53 गेंदों में 108 रन जोड़े। समर्थ 24 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद टीम ने 119 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। इस बीच आर्यन ने 37 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 65 रन की पारी खेली।

यहां से ललित यादव ने देव लाकड़ा के साथ चौथे विकेट के लिए 27 रन, जबकि अश्विनी छिल्लर के साथ पांचवें विकेट के लिए 32 रन जुटाए। हालांकि, अंतिम ओवर में पंकज जायसवाल (5 गेंदों में नाबाद 18 रन) ने 3 छक्के लगाए, लेकिन यह पारी जीत के लिए नाकाफी थी। विपक्षी खेमे से अमन चौधरी ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि हर्ष त्यागी ने 3 विकेट चटकाए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter