तीसरा टी20: ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारतीय महिला टीम को 7 रन से हराया, सीरीज

न्यू चंडीगढ़, 17 सितंबर । ऑस्ट्रेलिया-ए विमेंस ने भारत-ए विमेंस के खिलाफ गुरुवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे अनाधिकारिक टी20 मैच को 7 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद दूसरा मुकाबला 30 रन से जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी।

गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में ताहलिया विल्सन और रेचल ट्रेनामन ने 24 रन की साझेदारी की। ताहलिया 10 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद 42 के स्कोर तक रेचल (20) भी पवेलियन लौट गईं।

यहां से कोर्टनी वेब ने अनिका लिरोइड के साथ तीसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। कोर्टनी 42 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद अनिका ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 42 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 61 रन की पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत के लिए सयाली सतघारे और वैष्णवी शर्मा ने 2-2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में भारतीय टीम 19.5 ओवरों में 161 रन पर सिमट गई। तेजल हसबनीस ने दिनेश वृंदा के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने 7.4 ओवरों में 84 रन की साझेदारी की।

तेजल 24 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद वृंदा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 129 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन 14.5 ओवर में उनके रूप में टीम को पांचवां झटका लगा।

दिनेश वृंदा 41 गेंदों में 69 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उनकी इस पारी में 5 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे। इसके बाद मेजबान टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। आलम ये रहा कि 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। ऑस्ट्रेलियाई खेमे से टायला व्लामिंक और लिली मिल्स को 3-3 सफलताएं हाथ लगीं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter