महिला टी20 विश्व कप: मंधाना के पास मिताली राज को पीछे छोड़ने का मौका, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हासिल कर सकती हैं ये उपलब्धि
महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की शुरुआत बेहतरीन रही है। भारतीय टीम ने अपने 2 शुरुआती मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ जीत हासिल की है।

नई दिल्ली, 18 जून । महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की शुरुआत बेहतरीन रही है। भारतीय टीम ने अपने 2 शुरुआती मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ जीत हासिल की है। दोनों मैचों में टीम इंडिया की जीत में सलामी बल्लेबाज और टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना का अहम योगदान रहा है। मंधाना ने दोनों मैचों में शानदार बल्लेबाजी की है।
पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच में स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 2 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 68 रन की पारी खेली थी और भारत की 64 रन से जीत में अहम भूमिका निभाई थी। नीदरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में मंधाना ने 47 गेंदों पर 1 छक्का और 11 चौकों की मदद से 74 रन की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 209 रन बनाए थे और नीदरलैंड पर 95 रन से बड़ी जीत हासिल की थी।
मंधाना 23 मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से 142 रन बना चुकी हैं। वह विश्व कप में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। अगर वह इसी प्रदर्शन को 21 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच में बरकरार रख सकीं, तो पूर्व कप्तान मिताली राज को पछाड़ सकती हैं।
दरअसल, महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में मिताली राज भारत की तरफ से दूसरी सफलतम बल्लेबाज हैं। मिताली ने 2009 से 2018 के बीच 24 मैचों की 23 पारियों में 726 रन बनाए हैं।
मंधाना पूर्व कप्तान मिताली से ठीक पीछे हैं। मंधाना को आगे निकलने के लिए 61 रनों की जरूरत है। अगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 21 जून को होने वाले मैच में मंधाना 61 रन बना सकीं तो वह मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की तरफ से दूसरी सबसे सफल बल्लेबाज बन सकती हैं। साथ ओवरऑल सफल बल्लेबाजों की सूची में 12 नंबर पर जा सकती हैं।
मौजूदा समय में महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की तरफ से सर्वाधिक रन मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम है। हरमन ने 41 मैचों की 35 पारियों में 774 रन बनाए हैं। वह ओवरऑल सफल बल्लेबाजों की सूची में आठवें नंबर पर हैं और टॉप-10 में भारत की एकमात्र बल्लेबाज हैं।
Source: IANS

