भारत बनाम इंग्लैंड: लॉर्ड्स में रनों के लिए संघर्ष करते हैं रोहित शर्मा, जानिए कैसा है रिकॉर्ड

लंदन, 18 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में खासतौर पर रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें होंगी। हालांकि, रोहित को यह मैदान 50 ओवर के फॉर्मेट में कुछ खास रास नहीं आता है।

रोहित ने लॉर्ड्स में अब तक सिर्फ 2 ही वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान एक मैच में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं, तो एक अन्य मुकाबले में सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर रोहित ने इस मैदान पर कुल 5 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 22 की मामूली औसत से 133 रन आए हैं।

शुरुआती दो वनडे मुकाबलो में फ्लॉप रहने के बाद रोहित के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा भी दावा किया गया कि रोहित अपने करियर का आखिरी वनडे लॉर्ड्स में खेलने वाले हैं और इस सीरीज के बाद सिलेक्टर्स उन्हें एकदिवसीय टीम में नहीं रखना चाहते हैं।

हालांकि, रोहित के भविष्य को लेकर चल रही तमाम तरह की अफवाहों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने विराम लगाया। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए बताया, "रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन बोर्ड स्तर पर इस विषय में कोई बातचीत नहीं हुई है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह दावा पूरी तरह निराधार है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना अंतिम मैच खेलने वाले हैं। इस तरह की किसी भी चर्चा या निर्णय की जानकारी बोर्ड के पास नहीं है।"

रोहित शर्मा पहले वनडे मुकाबले में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए थे। वहीं, दूसरे एकदिवसीय मैच में वह 47 गेंदों का सामना करने के बाद महज 26 रन ही बना सके थे। आमतौर पर अपनी आक्रामक शैली के लिए मशहूर रोहित इस सीरीज में रन और बेहतर स्ट्राइक रेट के लिए जूझते नजर आए हैं। हालांकि, भारतीय टीम चाहेगी कि रोहित लॉर्ड्स में अपने खराब रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए तीसरे वनडे में दमदार पारी खेलें।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement