भारत बनाम इंग्लैंड: लॉर्ड्स में दांव पर होगी सीरीज, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल

नई दिल्ली, 18 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। ऐसे में दोनों ही टीमों की कोशिश इस ऐतिहासिक मैदान पर सीरीज को अपने नाम करने की होगी।

पहले वनडे में मिली हार के बाद दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की। इंग्लिश गेंदबाज भारतीय टीम को 233 रनों पर समेटने में सफल रहे। जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन कार्डिफ में बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे, जबकि साकिब महमूद ने भी 2 विकेट चटकाए थे। पिच से मिल रहे दोहरे उछाल का भरपूर फायदा इंग्लिश गेंदबाजों ने उठाया था। वहीं, बल्लेबाजी में जो रूट ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 99 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

दूसरी ओर, भारतीय टीम तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की आस करेगी। दो मैचों में बल्ले से कुछ खास करने में नाकाम रहे रोहित शर्मा से टीम को इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन भी अहम योगदान देना चाहेंगे। श्रेयस अय्यर वनडे सीरीज में अच्छी लय में दिखाई दिए हैं। गेंदबाजों का प्रदर्शन शुरुआती दोनों वनडे मुकाबले में संतोषजनक रहा है।

लॉर्ड्स की पिच से आमतौर पर तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलती है। खासकर मुकाबले के शुरुआती ओवरों में गेंद काफी स्विंग करती है। बल्लेबाजों को इस मैदान पर तेज गेंदबाजों के खिलाफ खास सावधानी बरतनी पड़ती है। लॉर्ड्स में पहली पारी का औसतन स्कोर 232 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग का औसत स्कोर 200 रन है। 89 वनडे मुकाबलों में से इस ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 44 मैच जीते हैं, जबकि 40 मुकाबलों में जीत रनों का पीछा करने वाली टीम के हाथ लगी है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन में रविवार को मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है और बारिश होने की आशंका न के बराबर है।

भारतीय टीम का वनडे स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और रवि बिश्नोई।

इंग्लैंड का वनडे स्क्वॉड: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), जो रूट, टॉम बैंटन, बेन डकेट (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, सैम करन, विल जैक्स, जेम्स कोल्स, लियाम डॉसन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, जोश टंग, गस एटकिंसन और आदिल रशीद।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement