लॉर्ड्स में कोहली-रोहित की जोड़ी रचेगी इतिहास, नाम जुड़ेगी बड़ी उपलब्धि

नई दिल्ली, 18 जुलाई । भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेला जाना है। तीसरे वनडे में मैदान पर उतरने के साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल करेगी।

दरअसल, लॉर्ड्स में रोहित और कोहली एक साथ मिलकर भारत की ओर से 400वां इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। कोहली-रोहित की जोड़ी इस मुकाम तक पहुंचने वाली भारत की ओर से पहली जोड़ी बनेगी। यह दोनों इस खास लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं। सचिन-द्रविड़ ने भारत के लिए एक साथ मिलकर 391 मुकाबले खेले हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साथ सबसे ज्यादा मैच खेलने का विश्व रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम है। संगकारा और जयवर्धने ने एक साथ श्रीलंका के लिए 550 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। वह दो एकदिवसीय मुकाबलों में अब तक सिर्फ 37 रन ही बना सके हैं।

दूसरे वनडे में 47 गेंदों का सामना करने के बाद रोहित महज 26 रन ही बना सके थे और अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे। रोहित के भविष्य को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉर्ड्स वनडे को रोहित के करियर का आखिरी मैच बताया जा रहा था। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सभी अफवाहों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

हालांकि, दूसरे वनडे में विराट कोहली अच्छी लय में दिखाई दिए थे। उन्होंने मुश्किल हालातों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 65 रनों की दमदार पारी खेली थी। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके लगाए थे। कोहली ने रोहित के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 60 और फिर चौथे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर संग मिलकर 67 रनों की अहम साझेदारी निभाई थी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement