नासिर हुसैन ने एक्लेस्टोन को बताया 'मैच विनर' गेंदबाज, बोले- उनके स्पेल जिताते हैं मुकाबले

नई दिल्ली, 19 जून । इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने इंग्लिश टीम की स्पिन गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि एक्लेस्टोन ने टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों के हिसाब से अपने खेल को सफलतापूर्वक ढाला है।

नासिर ने कहा कि एक्लेस्टोन भले ही हर मैच में 4 विकेट न लें, लेकिन उनके स्पेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे। हुसैन का मानना ​​है कि इंग्लैंड टीम में एक्लेस्टोन की भूमिका बदल गई है, क्योंकि बल्लेबाज उनके खिलाफ अपने अप्रोच में ज्यादा सतर्क हो गए हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने 'जियोहॉटस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "सोफी एक्लेस्टोन एक वर्ल्ड-क्लास गेंदबाज हैं। उन्हें खुद को बदलना पड़ा है, क्योंकि बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ अपनी अप्रोच बदली है। वह अपने कप्तान के लिए अहम गेंदबाज हैं। जब विकेट की जरूरत होती है, तो एक्लेस्टोन को गेंद मिलती है। हो सकता है कि वह हर मैच में चार विकेट न लें।"

नासिर ने आगे कहा, "हालांकि, बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में वह 15 रन देकर चार ओवर फेंकती हैं। वह स्पेल आपको मैच जिता देता है। बहुत कम ही ऐसा होता है कि आप इंग्लैंड का स्कोरकार्ड देखें और यह पाएं कि एक्लेस्टोन ने रन दिए हों। शायद ही कभी ऐसा होता है। यह एक चैंपियन खिलाड़ी की निशानी है।"

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भी एक्लेस्टोन ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है। वह 2 मुकाबलों में अब तक 5 विकेट निकाल चुकी हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दो अहम विकेट चटकाए थे। वहीं, आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट झटके थे। इंग्लैंड का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक खेले दोनों मुकाबले में शानदार रहा है। पहले मैच में मेजबान टीम ने श्रीलंका को 87 रनों से हराया था। वहीं, दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। इंग्लैंड ग्रुप बी के अपने अगले मुकाबले में 20 जून को स्कॉटलैंड से भिड़ेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement