आईपीएल 2026 में रबाडा का जलवा, इस सीजन 'पावरप्ले' के नंबर-1 गेंदबाज

अहमदाबाद, 20 अप्रैल । गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपना जलवा बिखेरा है। 30 वर्षीय साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी इस सीजन पावरप्ले (1-6 ओवर) में सर्वाधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज है, जिन्होंने 6 मुकाबलों में पावरप्ले के दौरान अब तक 7 विकेट हासिल किए हैं।

इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने इस सीजन 6 मुकाबलों में कुल 8 विकेट अपने नाम किए। इनमें 6 विकेट पावरप्ले के दौरान मिले। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जैकब डफी 5-5 विकेट के साथ इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

रबाडा ने इस सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ 34 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के विरुद्ध 42 रन देकर 2 विकेट निकाले। उस मुकाबले में उन्होंने 23 रन की नाबाद पारी भी खेली।

दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध रबाडा 32 रन देकर कोई विकेट अपने नाम नहीं कर सके थे, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध उन्होंने 54 रन लुटाकर एक विकेट निकाला। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इस तेज गेंदबाज ने 29 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए थे।

सोमवार को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 30वें मैच में शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस बी साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा के साथ उतरी है।

वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम में दानिश मालेवार और कृष भगत को डेब्यू का मौका मिला है। इन खिलाड़ियों के अलावा, एमआई की प्लेइंग इलेवन में क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सेंटनर, जसप्रीत बुमराह और एएम गजनफर मौजूद हैं।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की निगाहें हार के क्रम को तोड़ना पर होंगी, जबकि जीटी जीत का चौका लगाना चाहेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

ट्रेडिंग न्यूज

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement