पहला वनडे: तेजल-अनुष्का के बीच 126 रन की साझेदारी, भारतीय महिलाओं ने

मोहाली, 20 सितंबर । भारतीय महिला-ए टीम ने ऑस्ट्रेलिया महिला-ए के खिलाफ अनाधिकारिक वनडे सीरीज के पहले मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। यह मुकाबला रविवार को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। पहला मैच 6 विकेट से जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अगला मुकाबला 30 रन से अपने नाम किया। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच मेहमान टीम ने 7 रन से जीता था। वनडे सीरीज के शेष 2 मुकाबले 23 और 25 सितंबर को खेले जाने हैं, जिसके बाद 29 सितंबर से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 46.3 ओवरों में सिर्फ 235 रन पर सिमट गई। रेचल ट्रेनामन और कप्तान ताहलिया विल्सन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। रेचल 36 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ताहलिया ने 8 चौकों के साथ 48 रन बनाए।

इस टीम ने 87 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के गंवा दिए थे। यहां से चार्ली नॉट (39) ने केटी मैक (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 62 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 149 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। आलम ये रहा कि 174 के स्कोर तक 6 विकेट गिर गए।

यहां से टेस फ्लिंटॉफ (22) ने सियाना जिंजर (15) के साथ सातवें विकेट के लिए 27 रन और मिली इलिंगवर्थ (17) ने फ्रैंकी निक्लिन (नाबाद 2) के साथ 10वें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जैसे-तैसे 235 के स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय खेमे से वैष्णवी शर्मा और निकी प्रसाद को 3-3 विकेट हाथ लगे, जबकि अमनदीप कौर ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में भारत की महिला-ए टीम ने 41.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम ने 46 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद तेजल हसबनीस ने अनुष्का शर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 172 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

अनुष्का 61 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 55 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद निकी प्रसाद ने तेजल के साथ 23 रन और सायली सतघारे (25) के साथ 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। तेजल 82 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 81 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि निकी ने 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 32 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई खेमे से टेस फ्लिंटॉफ और फ्रैंकी निक्लिन ने 2-2 विकेट चटकाए।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter