स्टोइनिस-प्रभसिमरन की तूफानी पारी, आरआर के खिलाफ पीबीकेएस ने 4 विकेट खोकर बनाए 222 रन

न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ हो रही है। इस मुकाबले की मेजबानी महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कर रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने मिलकर सिर्फ 2.5 ओवर में 37 रन जोड़े। प्रियांश 11 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कूपर कोनोली ने 14 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया।

प्रभसिमरन सिंह ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मुकाबले में भी जारी रखा और उन्होंने 44 गेंदों में 59 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए।

अंत के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों का सामना करते हुए 62 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में स्टोइनिस ने 4 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के लगाए। वहीं, सूर्यांश 3 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्यांश और स्टोइनिस ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 12 गेंदों में 41 रनों की साझेदारी निभाई। स्टोइनिस ने पारी के आखिरी ओवर में बृजेश शर्मा के खिलाफ 24 रन बटोरे। गेंदबाजी में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से यश राज पुंजा ने 4 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट निकाले। वहीं, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा और यश राज पुंजा के साथ खेल रही है।

पंजाब किंग्स श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ मैदान पर उतरी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement