महिला टी20 एशिया कप में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? तीन बार खिताब पर जमाया है कब्जा

नई दिल्ली, 28 अगस्त । महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत शुक्रवार (28 अगस्त) से होनी जा रही है। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाना है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। आइए आपको बताते हैं टीम इंडिया का टी20 एशिया कप में रिकॉर्ड कैसा रहा है।

दरअसल, भारतीय टीम को एशिया कप में टी20 फॉर्मेट खूब रास आता है। कुल मिलाकर भारत ने टी20 एशिया कप में 25 मुकाबले खेले हैं। इसमें से हरमनप्रीत एंड कंपनी ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि महज 4 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम टी20 एशिया कप के खिताब को तीन बार अपने नाम कर चुकी है। साल 2012, 2016 और 2022 में टीम इंडिया ने ट्रॉफी को अपने नाम किया था।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम से इस बार भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के ऊपर टीम को शानदार शुरुआत देने की जिम्मेदारी होगी। शेफाली और मंधाना दोनों की ही हालिया फॉर्म शानदार रही है। मंधाना इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रही हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में कप्तान हरमनप्रीत कौर के कंधों पर मध्यक्रम की जिम्मेदारी होगी।

ऋषा घोष और दीप्ति शर्मा भारतीय टीम के लिए इस टूर्नामेंट में ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं। दीप्ति बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकती हैं, जबकि ऋचा तूफानी बल्लेबाजी के बूते किसी भी मैच का रुख पलटने का दमखम रखती हैं। गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और रेणुका ठाकुर तेज गेंदबाजी की कमान संभालती हुई नजर आ सकती हैं। वहीं, स्पिन विभाग की जिम्मेदारी श्री चरणी और राधा यादव पर होगी। चरणी ने इस साल खेले 15 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में कुल 27 विकेट चटकाए हैं। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter