IPL 2026: आरसीबी का मिडिल ऑर्डर लड़खड़ाया, गुजरात टाइटंस को मिला 156 रन का लक्ष्य

अहमदाबाद, 30 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 42वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के सामने जीत के लिए 156 रनों का लक्ष्य रखा है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत ठीक-ठाक रही। सलामी जोड़ी जैकब बेथेल और विराट कोहली ने 16 गेंदों में 34 रन जोड़कर टीम को सधी हुई शुरुआत दी, लेकिन जल्द ही दोनों पवेलियन लौट गए। बेथेल 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली ने 28 रन की तेज पारी खेली।

शुरुआती झटकों के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई। पाटीदार 19 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद आरसीबी का मध्यक्रम एक बार फिर संघर्ष करता नजर आया। जितेश शर्मा (1), टिम डेविड (9) और क्रुणाल पांड्या (4) सस्ते में आउट हो गए। हालांकि पडिक्कल ने एक छोर संभाले रखा और 40 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 5 चौके शामिल थे।

निचले क्रम में वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार ने 29 रनों की साझेदारी कर टीम को 150 के पार पहुंचाया। पूरी टीम 19.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई।

गुजरात टाइटंस की ओर से अरशद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 1-1 सफलता मिली।

अब गुजरात टाइटंस को जीत के लिए 156 रनों का लक्ष्य मिला है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement