फीफा वर्ल्ड कप: जीत के बाद पुर्तगाल टीम ने दी डिओगो जोटा को भावुक

टोरंटो, 3 जुलाई । फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रोएशिया पर 2-1 की जीत के बाद पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी टीम ने अपने पूर्व साथी डिओगो जोटा को भावुक श्रद्धांजलि दी। जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस दुर्घटना के एक साल पूरा होने पर पुर्तगाल टीम ने अपने पूर्व खिलाड़ी को याद किया।

मैच के बाद रोनाल्डो ने डिओगो जोटा की नंबर 21 जर्सी पहनी और भावुक होकर आसमान की ओर इशारा किया। उनकी आंखों में आंसू थे और यह दृश्य खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था। रोनाल्डो ने बाद में 'फॉक्स' के साथ बातचीत करते हुए बताया कि टीम को मैच से पहले ही इस तारीख के महत्व का एहसास था और यह दिन उनके लिए सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं था।

उन्होंने कहा कि यह बहुत खास और भावनात्मक पल था, क्योंकि टीम ने सिर्फ मैच नहीं जीता बल्कि एक ऐसे साथी की याद में जीत हासिल की जिसे वे बहुत प्यार करते थे। रोनाल्डो ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि जोटा हमेशा उनके साथ मौजूद हैं और टीम ने उन्हें सबसे अच्छे तरीके से श्रद्धांजलि दी है।

डिओगो जोटा पुर्तगाल के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए 49 मैच खेले और 14 गोल किए। वह उस टीम का हिस्सा भी थे जिसने 2019 में यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता था। अपनी मौत से कुछ हफ्ते पहले ही उन्होंने इस जीत का जश्न अपने साथियों के साथ मनाया था।

जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मौत पिछले साल 3 जुलाई को एक कार दुर्घटना में हुई थी। स्पेनिश पुलिस ने बताया था कि उनकी कार ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान सड़क से उतर गई थी। इसी दौरान टायर फटने से कार में आग लग गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आंद्रे सिल्वा भी एक पेशेवर फुटबॉलर थे और पुर्तगाल के सेकंड डिवीजन क्लब पेनाफिल के लिए खेलते थे।जोटा की याद में पुर्तगाल फुटबॉल संघ ने पहले ही उनकी जर्सी नंबर 21 को उनके करीबी दोस्त और साथी खिलाड़ी रूबेन नेवेस को सौंपकर सम्मान देने का फैसला किया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter