फीफा विश्व कप भारत से दूर, हमें अपना स्तर बहुत उठाना होगा: बाइचुंग भूटिया
भारतीय फुटबॉल के पोस्टर बॉय रहे और टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने कहा है कि बढ़े हुए टूर्नामेंट की वजह से एशिया को मिले आठ सीधे क्वालिफिकेशन स्पॉट के बावजूद भारतीय फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप में क्वालीफाई करने से दूर है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को अभी भी महाद्वीप के बड़े देशों से मुकाबला करने के लिए बहुत कुछ करना है।

नई दिल्ली, 3 जुलाई । भारतीय फुटबॉल के पोस्टर बॉय रहे और टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने कहा है कि बढ़े हुए टूर्नामेंट की वजह से एशिया को मिले आठ सीधे क्वालिफिकेशन स्पॉट के बावजूद भारतीय फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप में क्वालीफाई करने से दूर है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को अभी भी महाद्वीप के बड़े देशों से मुकाबला करने के लिए बहुत कुछ करना है।
जी5 फीफा विश्व कप 2026 में मीडिया पैनल के एक्सपर्ट बाइचुंग भूटिया ने आईएएनएस से खास बातचीत की और मौजूदा विश्व कप से साथ ही भारतीय फुटबॉल से जुड़े सवालों का जवाब दिया।
सवाल: फीफा विश्व कप ने एक बार फिर एशियाई टीमों की तरक्की को दिखाया है। आपको क्या लगता है कि पिछले दस सालों में एशियाई फुटबॉल में क्या बदलाव आया है? जापान, दक्षिण कोरिया और यहां तक कि उज्बेकिस्तान जैसे देशों की तुलना में भारत अभी कहां खड़ा है?
जवाब: मुझे लगता है कि इस साल एशियाई देशों में, कोटा की संख्या 4 से बढ़ाकर 8 टीमों की कर दी गई है, जो एक बहुत अच्छा संकेत है। लेकिन भारत अभी भी उस 8 कोटे के अंदर क्वालीफाई करने के मामले में काफी दूर है। अगर आप एशियाई देशों द्वारा खेले गए फुटबॉल के स्तर को देखें, तो यह बहुत प्रभावशाली था। मुझे लगता है कि हर टीम ने एक गोल किया, हर टीम को इस वर्ल्ड कप से एक पॉइंट मिला है। भारत को बहुत मेहनत करनी होगी और बहुत सारी चुनौतियां होंगी। हमें उस स्तर तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी।
सवाल: फीफा विश्व कप 2026 कौन जीतेगा?
जवाब: मुझे लगता है कि कुछ टीमें जो सच में बहुत मजबूत दिखती हैं, वे फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और अर्जेंटीना हैं। ये चारों बहुत, बहुत मजबूत हैं। अगर मुझे किसी एक को चुनना हो, तो मुझे लगता है कि फ्रांस इस समय पसंदीदा है। अगर आप टीम का ओवरऑल संतुलन, गहराई और उनके पास जिस तरह की बेंच स्ट्रेंथ और लाइन-अप है, उसे देखें, तो मुझे लगता है कि वे निश्चित रूप से बहुत मजबूत दिखते हैं।
सवाल: हमने वीएआर रिव्यू के बाद बहुत मामूली ऑफसाइड फैसलों से कई गोल रद्द होते देखे हैं। क्या आपको लगता है कि फुटबॉल को अटैकर्स को थोड़ा फायदा देने के लिए ऑफसाइड कानून पर फिर से सोचना चाहिए?
जवाब: मुझे लगता है कि वीएआर को रहना चाहिए क्योंकि इसके के बिना ज्यादा विवाद होगी। वीएआर में भी, विवाद है, लेकिन कम। मुझे लगता है कि वीएआर को रहना चाहिए। यह गेम के लिए अच्छा है। वीएआर में ऑफसाइड कानून के तहत, हमें खिलाड़ी के शरीर के बजाय उसके पैरों को देखने की कोशिश करनी चाहिए।
सवाल: पुर्तगाल और स्पेन राउंड ऑफ 16 में एक-दूसरे का सामना करेंगे। अभी के प्रदर्शन के आधार पर, आपको क्या लगता है कि क्वार्टर-फाइनल में कौन पहुंचेगा? क्या हम रोनाल्डो का आखिरी मैच देखेंगे?
जवाब: मुझे लगता है कि जिस तरह से पुर्तगाल खेल रहा है, उनका आगे बढ़ना मुश्किल है। वे एक टीम के तौर पर नहीं खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि वहां बहुत सारे सुपरस्टार हैं, लेकिन वे एक टीम के तौर पर प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसलिए अगर वे अभी जैसा प्रदर्शन कर रहे हैं, वैसा ही करते रहे, तो वो मैच रोनाल्डो का आखिरी मैच हो सकता है।
सवाल: आपको क्या लगता है कि फीफा विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट कौन जीतेगा?
जवाब: मुझे लगता है कि एम्बाप्पे इसे जीत सकते हैं।
Source: IANS

