फीफा विश्व कप में खेलने वाली पिता और बेटे की 5 जोड़ियां

नई दिल्ली, 4 जून । फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है। फुटबॉल के इस मेगा इवेंट में कई खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया है। आइए आपको पिता-बेटे की ऐसी 5 जोड़ियां बताते हैं, जो अपने नेशनल टीम की ओर से विश्व कप में हिस्सा ले चुकी हैं।

लुइस पेरेज और मारियो पेरेज: मेक्सिको की तरफ से लुइस और मारियो पेरेज दोनों ही फीफा विश्व कप खेल चुके हैं। पिता लुइस 1930 में हुए वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा रहे थे। वहीं, उनके बेटे और मिडफील्डर खिलाड़ी मारियो 1950 में खेले गए विश्व कप में मेक्सिको की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि,पिता और बेटे दोनों ही पूरे विश्व कप में एक गोल तक नहीं कर सके थे।

मार्टी और जोस वैंटोलरा: पिता मार्टी वैंटोलरा और बेटे जोस वैंटोलरा विश्व कप में खेल चुके हैं। पिता मार्टी 1934 में खेले गए फीफा विश्व कप में स्पेन टीम का हिस्सा रहे थे। वहीं, जोस वैंटोलरा 1970 में हुए वर्ल्ड कप में मेक्सिको टीम की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि, 4 मुकाबलों में वह एक गोल भी नहीं कर सके थे, जबकि पिता भी गोल करने में नाकाम रहे थे।

डोमिंगोस और अदेमिर दा गुइया: पिता डोमिंगोस और बेटे अदेमिर दा गुइया फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील की ओर से हिस्सा ले चुके हैं। डोमिंगोस ने 1938 में खेले गए वर्ल्ड कप में 4 मुकाबले खेले थे, लेकिन वह कोई भी गोल नहीं कर सके थे। वहीं, अदेमिर को 1974 में हुए वर्ल्ड कप में ब्राजील की तरफ से एक मैच खेलने का मौका मिला था।

रोजर-पैट्रिस रियो: पिता रोजर और बेटे पैट्रिस रियो फ्रांस की ओर से फीफा वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं। रोजर 1934 में हुए विश्व कप में फ्रांस की तरफ से एक मैच खेले थे, जहां वह कोई भी गोल नहीं कर सके थे। पैट्रिस रियो 1978 में ब्राजील टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उन्हें गोल करने में सफलता हाथ नहीं लग सकी थी।

निकोले-इओन लुपस्कु: पिता निकोले लुपस्कु 1970 में हुए फीफा विश्व कप में रोमानिया की तरफ से खेलते हुए नजर आए थे। निकोले ने इस विश्व में कुल 3 मैच खेले थे, लेकिन वह कोई गोल नहीं कर पाए थे। वहीं, निकोले के बेटे इओन 1990 और 1994 में रोमानिया टीम का हिस्सा रहे थे। हालांकि, वह 8 मुकाबलों में एक गोल तक नहीं कर सके थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement